✍️ भागीरथी यादव
22 से 24 नवंबर तक मां सर्वमंगला घाट पर होगा श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, हसदेव नदी के संरक्षण के लिए रिवरफ्रंट निर्माण की उठी मांग
कोरबा। कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन अवसर पर कोरबा की जीवनदायिनी हसदेव नदी का तट धार्मिक आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर होगा। नमामि हसदेव सेवा समिति की ओर से 22 से 24 नवंबर 2026 तक मां सर्वमंगला मंदिर घाट पर तीन दिवसीय श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के अंतिम दिन कार्तिक पूर्णिमा पर भव्य हसदेव महाआरती होगी, जिसमें निर्मोही अखाड़ा (चित्रकूट) से जुड़ीं दीदी मां साध्वी प्रज्ञा भारती विशेष रूप से शामिल होंगी।
आयोजन की जानकारी देने के लिए समिति की ओर से कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने धार्मिक कार्यक्रमों के साथ हसदेव नदी के संरक्षण, स्वच्छता और तटों के विकास को लेकर अपनी भावी योजनाओं की जानकारी दी।
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर पांडे एवं सचिव यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि संस्था पिछले तीन वर्षों से हसदेव नदी और आसपास के प्राकृतिक जल स्रोतों को स्वच्छ रखने तथा उनके संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से महायज्ञ और महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। समिति ने शहरवासियों से तीनों दिन कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
हसदेव को प्रदूषण से बचाने रिवरफ्रंट बनाने की मांग
पत्रकार वार्ता में समिति ने हसदेव नदी की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि औद्योगिक राखड़ और दूषित पानी के कारण नदी के जल की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। कोरबा से चांपा क्षेत्र तक नदी के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। समिति ने दर्री बांध से कुदुरमाल पुल तक रिवरफ्रंट विकसित करने की मांग जनप्रतिनिधियों के साथ राज्य एवं केंद्र सरकार के समक्ष उठाई है।
समिति का कहना है कि प्रस्तावित रिवरफ्रंट क्षेत्र में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की व्यवस्था होने से गंदे पानी को नदी में मिलने से रोकने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही नदी के किनारों का सौंदर्यीकरण कर वहां योग, ध्यान और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा सकेगा।
मांग को लेकर निकलेगी जन-जागरण पदयात्रा
हसदेव नदी के संरक्षण की मांग को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के लिए समिति आगामी महीनों में मां सर्वमंगला मंदिर से जिला कलेक्ट्रेट तक जन-जागरण पदयात्रा निकालने की तैयारी कर रही है। इस दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर रिवरफ्रंट निर्माण सहित नदी संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा।
जागरूकता अभियान का दिखने लगा असर
समिति ने बताया कि स्कूलों और सामाजिक स्तर पर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान से लोगों की सोच में बदलाव आने लगा है। अब कई लोग पूजा-पाठ के बाद पॉलीथिन और अन्य कचरे को नदी में प्रवाहित करने के बजाय केवल पूजन सामग्री का विसर्जन कर रहे हैं। समिति का मानना है कि धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है।
पत्रकार वार्ता में समिति के संरक्षक शेष सिंह ठाकुर, अध्यक्ष चंद्रकिशोर श्रीवास्तव, कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर पांडे एवं सह-सचिव विजय राठौर उपस्थित रहे।
