कोरबी के ग्राम लाद में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की संदिग्ध मौत, गले में रस्सी और मुंह में ठूंसा मिला कपड़ा…

सुशील जायसवाल

 

कोरबी-चोटिया। पसान थाना क्षेत्र के कोरबी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम लाद में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला की मौत के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला के गले में रस्सी फंसी हुई थी और मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, मृतका भगमतियाबाई मरकाम (70), पति जयलाल सिंह मरकाम, 19 नवंबर की रात अपने घर में भोजन करने के बाद सो गई थी। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने कथित रूप से उसके साथ वारदात को अंजाम दिया। सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

 

सूचना मिलते ही कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल व्यक्ति को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

 

घटना की जानकारी मिलने पर एडिशनल एसपी लखन पटले और एसडीओपी विजय सिंह राजपूत भी घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा। चार लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस उनसे अलग-अलग पहलुओं पर जानकारी जुटा रही है।