कोरबा के जेबी होटल में शराब के साथ चल रहा था जुआ, पुलिस ने मारा छापा….

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। शहर के बीच स्थित जेबी होटल में कथित रूप से जुआ खेलने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने होटल के एक कमरे में दबिश देकर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से जुए में लगाए गए 18 हजार 800 रुपये नकद जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि कमरे में शराब और चखने की व्यवस्था के बीच जुए का खेल चल रहा था।

कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक, पुलिस को जेबी होटल में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी की। इस दौरान कमरे में जुआ खेल रहे पांच लोगों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से जुए की रकम 18 हजार 800 रुपये बरामद की। सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

कोरबा के चार और रायपुर का एक व्यक्ति शामिल

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में संजय कुमार (40), निवासी तुलसी नगर रोड, तरुण मिश्रा (42), निवासी सीएसईबी, दीपेश जैन (38), निवासी अवध नगर निहारिका और सुनील कुमार (39), निवासी तुलसी नगर शामिल हैं। वहीं पांचवें आरोपी की पहचान धनराज कुमार के रूप में हुई है, जो रायपुर के अमलीडीह क्षेत्र का निवासी बताया गया है।

 

होटल में कमरा लेकर चल रहा था जुए का खेल

 

पुलिस का कहना है कि होटल में कमरा किराये पर लेकर जुआ खेला जा रहा था। कमरे में शराब और खाने-पीने की व्यवस्था भी मौजूद थी। होटल परिसर में इस तरह की गतिविधि सामने आने के बाद पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।