✍️ भागीरथी यादव
दर्री थाना से डैम, बालको-रूमगढ़ा मार्ग और गेरवाघाट पुल पर वाहनों की लंबी कतारें; घर लौटते बच्चे परेशान, यात्री बसें भी जाम में फंसी
कोरबा। शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। शनिवार को दर्री थाना से डैम तक, बालको-रूमगढ़ा मार्ग और गेरवाघाट पुल पर वाहनों का ऐसा दबाव बढ़ा कि कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन लगभग ठप हो गया। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों जाम में फंसे रहे। सबसे चिंताजनक स्थिति यह रही कि घर लौट रहे स्कूली बच्चों की बसें, एंबुलेंस और यात्री बसें तक इस जाम से बाहर नहीं निकल सकीं।
स्कूल से घर लौट रहे बच्चे घंटों बसों में फंसे
जाम का असर सबसे ज्यादा स्कूली बच्चों पर पड़ा। स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे बच्चे बसों में बैठकर घंटों रास्ता खुलने का इंतजार करते रहे। लंबा जाम होने के कारण बसें आगे नहीं बढ़ पा रही थीं। बच्चों के देर से घर पहुंचने की चिंता में अभिभावक भी परेशान होते रहे। रोजमर्रा की आवाजाही के बीच ऐसी स्थिति ने स्कूली परिवहन व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

एंबुलेंस और यात्री बसें भी जाम की गिरफ्त में
जाम की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एंबुलेंस तक वाहनों की कतारों में फंसी रही। वहीं बालको-बनारस बस सहित अन्य यात्री वाहन भी जाम में अटके रहे। आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को रास्ता नहीं मिलना बेहद गंभीर स्थिति है। यदि एंबुलेंस में कोई गंभीर मरीज हो और उसे समय पर अस्पताल पहुंचाना जरूरी हो, तो ऐसी अव्यवस्था कितनी भारी पड़ सकती है, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

सड़कों पर वाहनों का दबाव, यातायात संचालन की खुली पोल
दर्री थाना से डैम तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। बालको-रूमगढ़ा मार्ग पर वाहन रेंगते नजर आए तो गेरवाघाट पुल पर भी आवागमन प्रभावित रहा। मिनटों में पूरा होने वाला सफर घंटों में तब्दील हो गया। नौकरीपेशा लोग, स्कूली बच्चे, मरीज और जरूरी काम से निकले नागरिक जाम में फंसकर परेशान होते रहे।
शहर के इन प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कोई अचानक पैदा होने वाली समस्या नहीं है। इसके बावजूद जाम की स्थिति में यातायात को नियंत्रित करने और वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने के लिए प्रभावी इंतजाम नजर नहीं आए। सवाल यह भी है कि जब कई प्रमुख मार्गों पर एक साथ जाम की स्थिति बन रही थी, तब यातायात व्यवस्था संभालने वाले जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी कहां थे?
जनता का समय सड़क पर बर्बाद, जिम्मेदार व्यवस्था कब लेगी सुध?
कोरबा की सड़कों पर जाम अब आम नागरिकों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। सबसे गंभीर पहलू यह है कि इस अव्यवस्था की चपेट में केवल निजी वाहन चालक ही नहीं, बल्कि स्कूली बच्चे और आपातकालीन सेवाएं भी आ रही हैं। एंबुलेंस का जाम में फंसना किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकता है।
सवाल साफ है कि क्या यातायात व्यवस्था केवल चालानी कार्रवाई और नियमों के पालन तक सीमित रह गई है? शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव देखते हुए बेहतर प्रबंधन की जरूरत है। जब सड़क पर आम जनता, स्कूली बच्चे और मरीज तक परेशान हों, तब व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले विभाग की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
