सुबह जंगल में दिखा आरक्षक का शव, ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस….

✍️ भागीरथी यादव

 

महासमुंद। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मुड़मार बांधा के जंगल में एक पुलिस आरक्षक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। जंगल में शव देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

 

मृतक की पहचान मिथिलेश कुमार लेढिया (29 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पुलिस कंट्रोल रूम में आरक्षक के पद पर पदस्थ था। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह ग्रामीणों की नजर जंगल में पेड़ से लटके शव पर पड़ी। पास जाकर पहचान होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

 

सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

 

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आरक्षक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।