✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र में बाइक से बंधे जले हुए युवक का शव मिलने के सनसनीखेज मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में मृतक की पहचान मुंगेली निवासी मिथिलेश वर्मा के रूप में सामने आई है, जो बीते 16 नवंबर से लापता था। इस हत्याकांड में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि जिस बाइक पर युवक का शव बांधकर जलाया गया था, वह करीब एक महीने पहले मुंगेली जिला अस्पताल के पास से चोरी हुई थी। अब पुलिस बाइक चोरी से लेकर युवक की हत्या तक की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
बाइक के अलग-अलग हिस्सों से बांधा था शव
पूरा मामला कोटा थाना क्षेत्र के शिवतराई का है। 18 नवंबर की शाम मुख्य मार्ग से करीब 50 मीटर अंदर मेन स्टैंड पर खड़ी एक बाइक में युवक का लगभग 90 प्रतिशत जला हुआ शव बरामद हुआ था। घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह था। युवक के हाथ, पैर और सिर को जीआई तार की मदद से बाइक के अलग-अलग हिस्सों में बांधा गया था। इसके बाद शव के ऊपर लकड़ियों और झाड़ियों का ढेर लगाकर आग लगा दी गई थी। मौके से पुलिस को दो अलग-अलग नंबर प्लेट भी मिली थीं, जिनमें एक पर सीजी 25 और दूसरी पर सीजी 10 दर्ज था।
एक महीने पहले चोरी हुई थी बाइक
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटनास्थल पर मिली बाइक मुंगेली के एक बुजुर्ग के नाम पर पंजीकृत है। करीब एक महीने पहले यह बाइक मुंगेली जिला अस्पताल के पास से चोरी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने बाइक के रजिस्ट्रेशन और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, जिसमें मृतक की पहचान मिथिलेश वर्मा के रूप में सामने आई। हालांकि, परिजन फिलहाल शव की पहचान को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस मोबाइल कॉल हिस्ट्री और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए पहचान की पुष्टि करने में जुटी हुई है।
एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका
फोरेंसिक टीम को घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने में बारिश के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वारदात को जिस तरीके से अंजाम दिया गया है, उससे पुलिस को आशंका है कि इसमें एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुरानी रंजिश, प्रेम संबंध और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं को खंगाल रही है।
फिलहाल इस सनसनीखेज हत्याकांड में आरोपियों का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर मिथिलेश की हत्या किसने और क्यों की, और वारदात के बाद शव को बाइक से बांधकर जलाने के पीछे क्या मकसद था?
