✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में बिरेझर पुलिस ने ग्राम मूरा में दबिश देकर काट पत्ती जुआ खेल रहे दो लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मूरा स्थित रंगमंच के पास कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही बिरेझर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दो जुआरियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके से 1,030 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंशीलाल साहू (38 वर्ष) और टिकेश साहू (33 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मूरा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में की गई। धमतरी पुलिस ने लोगों से जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
