साक्ष्य मिटाने की भी की गई कोशिश, वन विभाग की कार्रवाई के बाद न्यायालय ने आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
सुशील जायसवाल
कोरबा (कटघोरा/केंदई)। कटघोरा वनमंडल के केंदई वन परिक्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकारियों ने पहले फंदा लगाकर संरक्षित वन्यप्राणी भालू को मौत के घाट उतारा और फिर साक्ष्य मिटाने के इरादे से उसके शव को जलाकर अवशेष नदी किनारे फेंक दिए। मामले में वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद सभी आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर को केंदई वन परिक्षेत्र के छिंदिया परिसर में भालू के शिकार की सूचना मिली थी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान खून के निशान और शिकार में इस्तेमाल किए गए फंदे का कलच वायर बरामद हुआ। इन साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
जांच में पता चला कि भालू का शिकार करने के बाद अगले दिन उसके शव को झिनपुरी परिसर ले जाया गया। वहां शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया और जले हुए अवशेषों को अंजननाला नदी के किनारे फेंक दिया गया। हालांकि, वन विभाग की टीम ने घटनास्थल से मिले सुरागों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ते हुए चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी ग्राम दमहमुड़ा, थाना पसान क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। मंगलवार को सभी आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कटघोरा के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 12606/11 दर्ज कर वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की है। उल्लेखनीय है कि भालू अनुसूची-1 के अंतर्गत संरक्षित वन्यप्राणी है। इसके शिकार पर कानून में तीन से सात वर्ष तक के कारावास और जुर्माने का प्रावधान है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में केंदई वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक कुमार दुबे, परिक्षेत्र सहायक शारदा प्रसाद शर्मा, परिसर रक्षक मुरारी लाल साहू, मंगल नायक, गंगाराम नेताम सहित अन्य वनकर्मियों की अहम भूमिका रही।
वनांचल क्षेत्र में संरक्षित वन्यप्राणी के शिकार और उसके बाद शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश ने वन्यजीवों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वन विभाग ने मामले की आगे की जांच जारी रखी है।
