हरदेवा बर्रा–सरमा मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित, छह पंचायतों के ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें; कलेक्टर के निर्देश के बाद भी वैकल्पिक व्यवस्था का इंतजार
सुशील जायसवाल
कोरबा (पोड़ी उपरोड़ा)। जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के वनांचल क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़क और पुल-पुलियों की समस्या अब किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। अगस्त माह में भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए हरदेवा बर्रा–सरमा मुख्य मार्ग की स्थिति तीन माह बाद भी नहीं सुधर पाई है। इसके चलते क्षेत्र की छह ग्राम पंचायतों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। वहीं, धान खरीदी शुरू होने के बाद किसानों को अपनी उपज कोरबी धान उपार्जन केंद्र तक पहुंचाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत सासिन, बासिन, बेतलो और सरमा सहित आसपास के गांवों को जोड़ने वाले हरदेवा बर्रा तथा जलके पहुंच मार्ग की पुल-पुलियां बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई थीं। तेज बारिश और पानी के बहाव से कई जगह सड़कें टूट गईं और पुलियों को भी नुकसान पहुंचा। इसके बाद से इन मार्गों पर आवागमन सामान्य नहीं हो सका है। भारी वाहनों के गुजरने में परेशानी होने से ग्रामीणों की रोजमर्रा की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
कलेक्टर ने तीन दिन में वैकल्पिक व्यवस्था के दिए थे निर्देश
ग्रामीणों की शिकायत पर 5 अगस्त को जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों की टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों और हरदेवा बर्रा–सरमा मुख्य मार्ग का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी थीं। मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर वैकल्पिक व्यवस्था तैयार कर आवागमन बहाल करने के निर्देश भी दिए गए थे। इससे ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन लगभग तीन माह बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
धान उपार्जन केंद्र तक फसल पहुंचाना बना चुनौती
धान खरीदी का सीजन शुरू होते ही किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। खेतों में तैयार धान की फसल को समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए कोरबी उपार्जन केंद्र तक पहुंचाना किसानों के लिए चुनौती बन गया है। क्षतिग्रस्त मार्ग के कारण धान से भरे ट्रैक्टर, पिकअप और अन्य वाहनों को ले जाने में दिक्कत हो रही है। किसानों को जोखिम भरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे परिवहन खर्च बढ़ने के साथ समय पर धान बेचने की चिंता भी सता रही है।
पूर्व सरपंच ने प्रशासन से की शीघ्र कार्रवाई की मांग
ग्राम हरदेवा (सासिन) के पूर्व सरपंच सुखराज सिंह मरावी ने बताया कि भारी बारिश से क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण मार्गों की पुल-पुलियां क्षतिग्रस्त हुई थीं। इसकी जानकारी प्रशासन को दी गई थी। कलेक्टर ने स्वयं मौके पर पहुंचकर तीन दिनों में वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी शुरू हो चुकी है और किसान अपनी उपज उपार्जन केंद्र तक पहुंचाने के लिए परेशान हो रहे हैं। प्रशासन को इस समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए।
तीन माह बाद भी राहत नहीं, ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के कारण सड़क और पुल-पुलियों का क्षतिग्रस्त होना समझ में आता है, लेकिन तीन माह बीत जाने के बाद भी आवागमन के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं होना चिंता का विषय है। जिला प्रशासन के निर्देश के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों एवं किसानों ने जिला प्रशासन से हरदेवा बर्रा–सरमा मुख्य मार्ग और जलके पहुंच मार्ग की क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा स्थायी निर्माण होने तक सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि धान खरीदी के महत्वपूर्ण सीजन में यदि जल्द राहत नहीं मिली तो उन्हें अपनी उपज बेचने में और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
