
✍️ भागीरथी यादव
नई दिल्ली। सोने की कीमतों में लगातार गिरावट का दौर जारी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी और निवेशकों के बदलते रुझान के बीच भारत में भी सोने-चांदी के दामों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोना 3,034 रुपए सस्ता होकर 1,18,043 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। इससे पहले यह कीमत 1,21,077 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
22 कैरेट सोने के दाम में भी गिरावट देखी गई है — अब इसकी कीमत 1,08,127 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई है, जबकि पहले यह 1,10,907 रुपए थी। वहीं 18 कैरेट सोना घटकर 88,532 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है, जो पहले 90,809 रुपए था।
सोने के साथ-साथ चांदी भी सस्ती हुई है। चांदी की कीमत 3,135 रुपए गिरकर 1,41,896 रुपए प्रति किलो रह गई, जबकि पहले इसका भाव 1,45,031 रुपए प्रति किलो था। आईबीजेए रोजाना दो बार — दोपहर 12 बजे और शाम 5 बजे — ताजा दरें जारी करती है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी गिरावट का रुख जारी है।
सोना (5 दिसंबर 2025 कॉन्ट्रैक्ट): 1.87% घटकर 1,18,700 रुपए प्रति 10 ग्राम
चांदी (5 दिसंबर 2025 कॉन्ट्रैक्ट): 0.74% घटकर 1,42,301 रुपए प्रति किलो
एलकेपी सिक्योरिटीज के विश्लेषक जतिन त्रिवेदी ने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड डील पर बातचीत फिर से शुरू होने से सोने में निवेश का रुझान कमजोर पड़ा है। निवेशकों का ध्यान अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों के फैसले पर केंद्रित है।
उन्होंने आगे कहा कि, “सोने पर दबाव बना हुआ है। इसका सपोर्ट स्तर 1,16,500 से 1,18,000 रुपए के बीच है, जबकि रुकावट का स्तर 1,21,000 से 1,22,000 रुपए के बीच देखा जा रहा है।”
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गिरावट का माहौल है। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स (COMEX) पर सोना 1.98% गिरकर 3,939 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.52% घटकर 46.53 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अगर वैश्विक स्तर पर आर्थिक स्थिरता और ब्याज दरों में सख्ती का रुख जारी रहा, तो आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है।








