
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। बैकुण्ठ चतुर्दशी एवं कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर सरकंडा स्थित जबड़ापारा घाट अरपा तट हजारों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। ब्राह्मण युवा आयाम द्वारा आयोजित भव्य दीपदान और महाआरती ने सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
भगवान लक्ष्मी नारायण की पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुए कार्यक्रम में गंगा आरती, भजन-कीर्तन और अरपा मैय्या की मनोहारी महाआरती ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। दीपों की चमक और आतिशबाज़ी के साथ देव दीपावली का दिव्य उत्सव मनाया गया।
अध्यक्ष ज्योतिन्द्र उपाध्याय सहित संगठन के पदाधिकारी, महिला इकाई और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य सांस्कृतिक संरक्षण के साथ ही अरपा नदी की स्वच्छता और संरक्षण का संदेश देना रहा। उपस्थित लोगों ने नदी संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया।






