✍️ भागीरथी यादव
धमतरी, 03 जून 2026। संबलपुर बायपास मार्ग के किनारे अचानक लगी भीषण आग पर धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अभिषेक चतुर्वेदी के नेतृत्व में अर्जुनी थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

आग की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही सीएसपी धमतरी, थाना प्रभारी अर्जुनी और पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। पुलिस की सतर्कता के चलते आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे जनहानि और बड़े पैमाने पर संपत्ति नुकसान की आशंका टल गई।

बाद में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस के साथ संयुक्त रूप से अभियान चलाकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। अधिकारियों के अनुसार समय रहते की गई कार्रवाई के कारण एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।
धमतरी पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस बल हमेशा तैयार रहता है। पुलिस की इस तत्परता और समन्वित प्रयास की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।
