बाइक चोरी का खुलासा: 7 दिनों में आरोपी गिरफ्तार, चालाकी से दिया वारदात को अंजाम

✍️ भागीरथी यादव

 

 

मस्तूरी/मल्हार। थाना मस्तूरी की चौकी मल्हार पुलिस ने महज 7 दिनों के भीतर मोटरसाइकिल चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बड़ी ही चालाकी से लिफ्ट मांगकर और पानी पाउच लाने के बहाने बाइक लेकर फरार हो गया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी भारत लाल केवट (निवासी ग्राम पकरिया, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा) दिनांक 20 अप्रैल 2026 को अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11 BH 4552) से अपने ससुराल वेदपरसदा, मस्तूरी आया हुआ था। वापसी के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने लिफ्ट मांगी, जिसे प्रार्थी ने अपनी बाइक पर बैठा लिया।

जब वे ग्राम बुढ़िखार (चौकी मल्हार क्षेत्र) पहुंचे, तब आरोपी ने पानी पाउच लाने के बहाने प्रार्थी को होटल भेज दिया। जैसे ही प्रार्थी होटल में गया, आरोपी मौके का फायदा उठाकर बाइक लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद प्रार्थी ने चौकी मल्हार में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। आरोपी की तस्वीरें निकालकर आसपास के गांवों में पहचान कराई गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गीधपुरी निवासी नरोत्तम दास वैष्णव (55 वर्ष) ने चोरी की बाइक को अपने घर में कपड़े से ढंककर छिपा रखा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी के कब्जे से मोटरसाइकिल बरामद कर ली और उसे गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई की गई।

इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज, आरक्षक किशन राय एवं आरक्षक श्यामलाल सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच से एक और चोरी का खुलासा, आरोपी सलाखों के पीछे।