
✍️ भागीरथी यादव
सूरजपुर जिले के गजाधरपुर गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। लटोरी चौकी क्षेत्र में एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपनी ही मां की लोढ़ा (मसाला पीसने वाला पत्थर) मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मृतका की पहचान फलेन बाई (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने बेटे डिगम्बर चेरवा के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि डिगम्बर के पिता की कुछ समय पहले कुएं में गिरने से मौत हो गई थी, जिसके बाद परिवार को सरकारी मुआवजा मिला था। आरोपी बेटा उसी रकम में हिस्सा मांग रहा था। इस बात को लेकर मां-बेटे के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
घटना के दिन डिगम्बर ने अपनी मां से खाना मांगा। फलेन बाई ने उसे कहा कि खाना रखा है, खुद निकालकर खा लो। इसी बात से नाराज होकर आरोपी गुस्से में आ गया और घर में रखे लोढ़ा से मां के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन अंबिकापुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही लटोरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी डिगम्बर चेरवा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
