✍️ भागीरथी यादव
कोरबा । दर्री स्थित इरेक्टर हॉस्टल भवन में कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब दर्री के पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर नवपदाधिकारियों का सम्मान करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव, उप सचिव हरीश तिवारी तथा कार्यकारिणी सदस्य नवाब हुसैन, राजेश मिश्रा और आकाश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेस क्लब दर्री के संरक्षक सुधीर जैन एवं अध्यक्ष अनिल द्विवेदी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ है और पत्रकारों की एकजुटता समाजहित में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी पत्रकारों के हितों की रक्षा करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

अपने संबोधन में कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव ने कि जिले के उपनगरों एवं ग्रामीण अंचलों में कार्यरत पत्रकार ही कोरबा प्रेस क्लब की वास्तविक ताकत हैं। उन्होंने कहा कि दर्री, दीपका, बांकीमोंगरा, कटघोरा, पाली, करतला सहित अन्य क्षेत्रों के पत्रकार जमीनी स्तर पर समाज की आवाज़ को प्रमुखता से सामने लाते हैं और संगठन के अभिन्न अंग हैं। उन्होंने सभी पत्रकारों को समान सम्मान और सहभागिता देने पर बल दिया।

कोरबा प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नौशाद खान ने प्रेस क्लब दर्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पत्रकार को जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को निष्पक्ष, निर्भीक और निडर होकर प्रस्तुत करना चाहिए। बदलते समय में पत्रकारों के सामने अनेक चुनौतियाँ हैं, लेकिन सत्य और निष्पक्षता ही पत्रकारिता की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब का उद्देश्य पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान तथा पत्रकारिता के उच्च मानकों को बनाए रखना है।

समारोह में प्रेस क्लब दर्री के संतोष गुप्ता, अजय राय, श्रीधर नायडू, भागवत दिवान, मणिपाल निमजा, बालकृष्ण मिश्रा, प्रदीप मिश्रा, अशोक कुमार अग्रवाल सहित पत्रकार भागीरथी यादव, गणेश, श्याम सारथी एवं अन्य पत्रकार साथी और अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने संगठन की मजबूती, पत्रकार हितों की रक्षा और निष्पक्ष पत्रकारिता के संकल्प को दोहराया।
