भीषण गर्मी से राहत पाने डबरी में उतरा हाथियों का कुनबा, घंटों चली जलक्रीड़ा

 

ठाड़पथरा के जंगल में एक दर्जन हाथियों की मस्ती देखने उमड़े ग्रामीण, वीडियो बनाते रहे लोग

 

सुशील जायसवाल

 

कटघोरा (सलिहाभांठा) :-

कटघोरा वनमंडल अंतर्गत आने वाले ग्राम सलिहाभांठा के ठाड़पथरा जंगल में गुरुवार 25 जून को उस समय रोमांचक नजारा देखने को मिला जब लगभग एक दर्जन हाथियों का झुंड भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए जंगल के भीतर स्थित एक डबरी (जलाशय) में उतर गया। हाथियों ने घंटों तक पानी में अठखेलियां करते हुए जमकर जलक्रीड़ा की। इस अनोखे दृश्य को देखने के लिए आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में इस दुर्लभ पल को कैद कर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह से ही हाथियों का दल ठाड़पथरा क्षेत्र के जंगल में विचरण कर रहा था। दोपहर में तापमान बढ़ने के साथ पूरा झुंड जंगल के बीच स्थित एक डबरी तक पहुंचा और एक-एक कर पानी में उतर गया। हाथियों को पानी में खेलते देख ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो वे भीषण गर्मी से राहत पाने का भरपूर आनंद उठा रहे हों।

कभी हाथी पानी में लोटपोट होते दिखाई दिए तो कभी अपनी सूंड में पानी भरकर शरीर पर छिड़काव करते नजर आए। छोटे हाथी भी बड़े हाथियों के साथ पानी में मस्ती करते रहे। कई बार हाथियों ने डुबकी लगाई और फिर पानी से बाहर निकलकर एक-दूसरे के साथ खेलते देखे गए। यह दृश्य जंगल में मौजूद लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का यह झुंड काफी देर तक डबरी में रुका रहा। गर्मी से राहत पाने के बाद शाम ढलने से पहले पूरा दल व्यवस्थित तरीके से जंगल मार्ग से निकलकर सड़क पार करता हुआ बांसबाड़ी क्षेत्र की ओर बढ़ गया। हाथियों के सड़क पार करने के दौरान भी लोगों ने सुरक्षित दूरी से उनका वीडियो बनाया।

वन्यजीव जानकारों के अनुसार गर्मी और उमस के दिनों में हाथी अक्सर जल स्रोतों का रुख करते हैं। पानी में रहने से उनके शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है और उन्हें गर्मी से राहत मिलती है। यही कारण है कि जंगलों में मौजूद डबरियां, तालाब और अन्य जल स्रोत वन्यजीवों के लिए जीवनदायिनी साबित होते हैं।

 

इधर हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे हाथियों के नजदीक जाने या उन्हें परेशान करने का प्रयास न करें तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हालांकि हाथियों की इस शांत और मनमोहक जलक्रीड़ा ने ठाड़पथरा क्षेत्र में पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा और लोगों को जंगल के प्राकृतिक जीवन की एक अद्भुत झलक देखने को मिली।