ब्रेकिंग न्यूज़ जर्जर सड़क और कमजोर पुलिया बनी हादसे की वजह, रानी अटारी–कोरबी मार्ग पर बोरवेल वाहन पलटा देखें वीडियो

स्टेरिंग में फंसा चालक, ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से बची जान

सुशील जायसवाल

कोरबी-चोटिया।

पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के रानी अटारी–कोरबी मार्ग पर शुक्रवार को सरमा पुल के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक भारी-भरकम बोरवेल मशीन वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया के समीप पलट गया। हादसे में वाहन चालक जगजीवन स्टेरिंग में बुरी तरह फंस गया और काफी देर तक बाहर नहीं निकल सका।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चालक को स्टेरिंग और केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि कुछ देर और हो जाती तो चालक की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।

सूचना मिलने पर कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। ग्रामीणों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जर्जर सड़क और पुलिया पर उठे सवाल

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि रानी अटारी–कोरबी मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, उखड़ी हुई डामर और कमजोर पुलिया के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। जिस पुलिया के पास हादसा हुआ, उसकी मरम्मत और मजबूतीकरण की मांग कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

प्रशासन के प्रति ग्रामीणों में नाराजगी

हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, किसान, यात्री और भारी वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क और पुलिया की अनदेखी लगातार लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।

स्थायी समाधान की मांग

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से रानी अटारी–कोरबी मार्ग का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने तथा सरमा पुलिया को मजबूत या नए सिरे से बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं कराया गया तो भविष्य में इससे भी बड़े हादसे हो सकते हैं।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इस हादसे के बाद प्रशासन सड़क और पुलिया की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए जल्द ठोस कदम उठाएगा।