दीपावली मनाने गांव लौट रहा परिवार नदी में समाया, पति-पत्नी और दो बच्चों की दर्दनाक मौत

✍️ भागीरथी यादव

 

अभनपुर। दीपावली का त्योहार मनाने अपने गृहग्राम लौट रहा एक परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। अभनपुर क्षेत्र के टीला एनीकट के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के लक्ष्मीनगर निवासी शीतल साहू (44 वर्ष) अपनी पत्नी भारती साहू, बेटे और बेटी के साथ दीपावली मनाने गरियाबंद जिले के पसौद स्थित अपने गृहग्राम जा रहे थे। इसी दौरान रविवार देर रात करीब 1 बजे उनकी कार अभनपुर के टीला एनीकट के पास पहुंची। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार चारों लोगों की जान चली गई।

 

घटना की सूचना मिलने पर गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी में कार के अनियंत्रित होकर नदी में गिरने की बात सामने आई है। हालांकि, वाहन चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में बिगड़ा, इसका पता लगाया जा रहा है।

 

पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। इस हृदयविदारक हादसे ने दीपावली की खुशियों से पहले ही एक परिवार की जिंदगी छीन ली।