वन कर्मचारी संघ का चरणबद्ध आंदोलन शुरू, 13 मई से काली पट्टी लगाकर करेंगे विरोध

मांगें पूरी नहीं होने पर 25 मई को कार्य बंद, आगे अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

 

 

सुशील जायसवाल

कोरबा/कटघोरा। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ, संभाग बिलासपुर ने लंबित मांगों और वन कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

संघ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पूर्व में बिलासपुर वृत्त के वन कर्मचारियों की समस्याओं, नियम विरुद्ध स्थानांतरण और अन्य प्रशासनिक विसंगतियों को लेकर मुख्य वन संरक्षक कार्यालय को पत्र भेजकर समाधान की मांग की गई थी। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई और मामले लंबित पड़े हुए हैं।

वन कर्मचारियों का कहना है कि लगातार समस्याओं से अवगत कराने के बाद भी प्रशासनिक उदासीनता बनी हुई है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। इसी के विरोध में छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ, संभाग बिलासपुर ने चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया है।

आंदोलन की रूपरेखा

प्रथम चरण – 13 मई 2026

ड्यूटी के दौरान काली पट्टी लगाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

द्वितीय चरण – 18 मई 2026

भोजन अवकाश के दौरान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय, वृत्त बिलासपुर के समक्ष सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

तृतीय चरण – 25 मई 2026

एक दिवसीय अवकाश लेकर संपूर्ण कार्य बंद रखा जाएगा।

चतुर्थ चरण

यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो आगामी निर्धारित तिथि से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

संघ पदाधिकारियों ने प्रशासन से कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

वन कर्मचारियों के आंदोलन की घोषणा के बाद वन विभाग में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक निर्णय पर टिकी हैं कि कर्मचारियों की मांगों पर शासन क्या रुख अपनाता है।