✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर, सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत दीनदयाल कॉलोनी, संगम नगर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक 64 वर्षीय व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी पत्नी पर धारदार चापड़ से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान बंचू राम सोनवानी (64 वर्ष), पिता पूनऊ राम सोनवानी, निवासी दीनदयाल कॉलोनी, संगम नगर, बिलासपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतका का अन्य लोगों से बातचीत करना आरोपी को पसंद नहीं था, जिसके चलते विवाद की स्थिति बनी।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित करने में जुटी हुई है।
परिजनों ने पुलिस को बताया है कि आरोपी की मानसिक स्थिति भी कुछ समय से ठीक नहीं थी। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
