✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। लंबे समय से आवासीय भूमि पर निवास कर रहे गरीब परिवारों ने अपनी भूमि का पट्टा प्रदान करने की मांग को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। इस संबंध में 29 सितंबर को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर वर्षों पुरानी समस्या का निराकरण करने की मांग की गई।


ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि वार्ड क्रमांक 06 क्षेत्र में कई गरीब परिवार करीब 55 से 60 वर्षों से मकान बनाकर निवास कर रहे हैं। परिवारों का कहना है कि लंबे समय से निवास करने के बावजूद उन्हें अब तक भूमि का पट्टा नहीं मिल पाया है। वहीं, ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष 1984 में इसी क्षेत्र के कई लोगों को पट्टा प्रदान किया गया था, लेकिन कुछ परिवार इससे वंचित रह गए।
परिवारों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उनके लंबे समय से चले आ रहे निवास और समस्या को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार पट्टा प्रदान करने की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि उन्हें अपने मकान और जमीन को लेकर स्थायी अधिकार मिल सके।
ज्ञापन में प्रशासन से गरीब परिवारों की समस्या का शीघ्र निराकरण कर पट्टा प्रदान करने की कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।
