हजारों ग्रामीणों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ, स्वास्थ्य के प्रति बढ़ी जागरूकता

हजारों ग्रामीणों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ, स्वास्थ्य के प्रति बढ़ी जागरूकता तिल्दा नेवरा। ग्राम पंचायत कुथरैल एवं रैता में बुधवार, 29 अक्टूबर 2025 को संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड के सौजन्य से एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस पुनीत पहल में समता फाउंडेशन (एम.जी.एम. इंस्टीट्यूट) रायपुर और मोर हॉस्पिटल रायपुर के अनुभवी डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम ने अपनी सेवाएँ दीं, जिससे हजारों ग्रामीणों को लाभ मिला। शिविर सुबह से ही शुरू हुआ और देर शाम तक चलता रहा, जिसमें नेत्र जाँच, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, खून की जाँच, ब्लड प्रेशर, शुगर टेस्ट, दवाइयों का वितरण और गंभीर रोगों से संबंधित परामर्श जैसी महत्वपूर्ण सेवाएँ पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की गईं। मोतियाबिंद के मरीजों के लिए आशा की नई किरण नेत्र विभाग द्वारा की गई जाँच में जिन ग्रामीणों में मोतियाबिंद पाया गया, उनके लिए निःशुल्क ऑपरेशन कराने की घोषणा की गई। इस घोषणा से कई बुजुर्गों और ग्रामीणों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ झलक उठी। ग्रामीणों ने बताया कि कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण वे ऑपरेशन नहीं करा पाते थे, ऐसे में यह पहल उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष ज़ोर संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड की सी.एस.आर. हेड श्रीमती शीतल गोयल ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वास्थ्य सबसे बड़ा धन है।” उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बीमारी को समय पर न पहचान पाने की समस्या पर प्रकाश डाला और शिविर का उद्देश्य बताते हुए कहा कि सभी लोग स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हों और समय–समय पर जाँच अवश्य कराएँ। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जाँच और संतुलित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। ग्रामीणों में दिखा भारी उत्साह संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड की टीम द्वारा घर-घर जाकर, घोषणा और स्थानीय प्रतिनिधियों के सहयोग से सूचना पहुँचाई गई, जिसके परिणामस्वरूप भारी संख्या में ग्रामीण शिविर में शामिल हुए। ग्राम के बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने स्वास्थ्य जाँच का लाभ उठाया और विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से उन्हें शहर जाकर पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती और सही समय पर बीमारी का पता चल जाता है। टीम के विशेष योगदान से सफल हुआ आयोजन स्वास्थ्य शिविर की सुचारू और सफल व्यवस्था में श्री एम.जी. के. मूर्ति, सुचिता जैन, लक्ष्मी देवांगन, सागर चेलक, राकेश कुमार और जितेन्द्र वर्मा का विशेष योगदान रहा। उनकी सक्रियता और समर्पण ने शिविर को व्यवस्थित और सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्रामीणों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की संभावनाएँ व्यक्त की हैं, ताकि ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो सके और लोग स्वास्थ्य के प्रति और अधिक जागरू क बन सकें।  

मतदाताओं की सुविधा हेतु कांकेर जिले में हेल्प डेस्क और आईटी डेस्क स्थापित कलेक्टर क्षीरसागर ने अधिकारियों-कर्मचारियों की लगाई ड्यूटी

✍️ भागीरथी यादव   उत्तर बस्तर कांकेर, 31 अक्टूबर 2025। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रायपुर के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत मतदाताओं की सुविधा के लिए कांकेर जिले में जिला एवं तहसील स्तर पर मतदाता हेल्प डेस्क और आईटी डेस्क स्थापित की गई है।   कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की है।   जिला स्तर पर स्थापित मतदाता हेल्प डेस्क के लिए प्राचार्य एवं डीएलएमटी श्री टी.एस. ठाकुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं आईटी डेस्क का दायित्व डोमेन्द्र कुमार ठाकुर को सौंपा गया है।   तहसील स्तर पर—   अंतागढ़ में हेल्प डेस्क हेतु अरुण रामटेके (शिक्षक एवं बीएलओ सुपरवाइजर) तथा आईटी डेस्क हेतु शैलेन्द्र गंजीर (सहायक ग्रेड-02)   पखांजूर में हेल्प डेस्क हेतु अरुण कुमार रावटे (शिक्षक एवं बीएलओ सुपरवाइजर) और आईटी डेस्क हेतु मृदुल अधिकारी (सहायक ग्रेड-03)   दुर्गूकोंदल में हेल्प डेस्क हेतु मनीष गौतम (शिक्षक एवं बीएलओ सुपरवाइजर) और आईटी डेस्क हेतु नारद नायक (सहायक ग्रेड-03)   चारामा में हेल्प डेस्क हेतु के.आर. सिन्हा (शिक्षक एवं बीएलओ सुपरवाइजर) और आईटी डेस्क हेतु लेवाराम टेकाम (सहायक ग्रेड-03)   भानुप्रतापपुर में हेल्प डेस्क हेतु नुमेश सोनी (शिक्षक एवं बीएलओ सुपरवाइजर) तथा आईटी डेस्क हेतु श्रीमती लल्ली मलिया (डाटा एंट्री ऑपरेटर)   कांकेर में हेल्प डेस्क हेतु लक्ष्मीनारायण सिन्हा (शिक्षक एवं बीएलओ सुपरवाइजर) और आईटी डेस्क हेतु सुश्री सविता नागदौने (डाटा एंट्री ऑपरेटर)   नरहरपुर में हेल्प डेस्क हेतु उपेन्द्र ध्रुव (शिक्षक एवं बीएलओ सुपरवाइजर) तथा आईटी डेस्क हेतु स्वारूप सोनकर (सहायक ग्रेड-02) को जिम्मेदारी सौंपी गई है।     कलेक्टर क्षीरसागर ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को नाम जुड़वाने, सुधार कराने और अन्य निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए इन डेस्कों की स्थापना की गई है।

बारिश में भी थमा नहीं जोश, कटघोरा में ‘रन फॉर यूनिटी’ का हुआ सफल आयोजन

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर पुलिस विभाग की अगुवाई में दौड़ा नगर   कटघोरा (कोरबा): भारी बारिश के बावजूद कटघोरा नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम ने एकता और देशप्रेम का अद्भुत संदेश दिया। पुलिस विभाग के तत्वावधान में और थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी नगर के सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, सरकारी कर्मचारियों और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने दौड़ में भाग लेकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकीकरण और समरसता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।   दौड़ का मार्ग और आयोजन की विशेष झलक दौड़ की शुरुआत अग्रसेन भवन से हुई, जो शहीद वीर नारायण चौक होते हुए थाना परिसर तक संपन्न हुई। कार्यक्रम के समापन पर वृक्षारोपण और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। स्थानीय नागरिकों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि बारिश में भी लोगों का जोश सरदार पटेल के प्रति सम्मान और देशप्रेम को दर्शाता है। एसडीएम तन्मय खन्ना ने भी लगाई दौड़ कार्यक्रम में कटघोरा के एसडीएम तन्मय खन्ना ने भी भाग लिया। उन्होंने नागरिकों के साथ दौड़ लगाकर एकता का संदेश दिया और कहा कि, > “कटघोरा पुलिस और नगरवासियों की यह पहल सराहनीय है। भारी वर्षा के बावजूद सभी ने जिस जोश से भाग लिया, वह सरदार पटेल के आदर्शों के प्रति गहरी आस्था को दर्शाता है।”       ‘एकता के प्रतीक हैं सरदार पटेल’ थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल केवल स्वतंत्र भारत के प्रथम गृहमंत्री ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता के शिल्पकार थे। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों, विद्यार्थियों और संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस चौकी कोरबी में “रन फॉर यूनिटी” और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन

  रिपोर्ट: सुशील जायसवाल कोरबी/चोटिया, जिला कोरबा | 31 अक्टूबर 2025   राष्ट्रीय एकता दिवस एवं संदेश दिवस के अवसर पर पसान थाना अंतर्गत पुलिस चौकी कोरबी द्वारा आज उत्साह और जोश से भरपूर माहौल में “रन फॉर यूनिटी” तथा रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।     —   सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देकर कार्यक्रम की शुरुआत   कार्यक्रम का शुभारंभ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात “रन फॉर यूनिटी” के तहत सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश देते हुए लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी तय की। दौड़ के दौरान विद्यार्थियों और पुलिस अधिकारियों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारों से पूरे मार्ग को गूंजा दिया।   —   पुलिस चौकी प्रभारी का प्रेरक संदेश   इस अवसर पर पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में एकता, अनुशासन और सद्भावना बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें यह याद दिलाता है कि विविधता में ही भारत की सच्ची शक्ति छिपी है।   —   मुख्य अतिथि एवं सम्मान समारोह   कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सरपंच राजूराम मरावी उपस्थित रहे। उनके साथ उपसरपंच मुरारीलाल जायसवाल, जनपद सदस्य प्रतिनिधि दिनेश केराम, हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य एम.डी. साहू, आर.एस. तंवर, रंजीत जायसवाल, पत्रकार सुशील जायसवाल सुरेश जायसवालएवं मृदुल कुमार जोगी विशेष रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता और दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।   —   पौधारोपण और आभार प्रदर्शन के साथ हुआ समापन   कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा “मां के नाम एक पौधा” अभियान के तहत पौधारोपण किया गया और सभी प्रतिभागियों को स्वल्पाहार कराया गया। आभार प्रदर्शन प्रधान आरक्षक सुधांशु शर्मा ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन शिक्षक टी.एस. सांडिल ने संभाला। इस अवसर पर शिक्षक एस.के. चौबे, तरुण डिक्सेना, प्रीति कश्यप, आचार्य रविंद्र बाजपेई, सहित स्कूली छात्र-छात्राएं एवं पुलिस स्टाफ का विशेष योगदान सराहनीय रहा। यह आयोजन पुलिस विभाग और शिक्षा जगत के संयुक्त प्रयास का प्रेरक उदाहरण बन गया, जिसने क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता और सामुदायिक सद्भाव की भावना को और प्रबल किया।

हर दिन करोड़ों की कमाई, फिर भी सड़कों की बदहाली बरकरार — लखनपुर मार्ग पर ग्रामीणों का चक्काजाम

कोरबा, 31 अक्टूबर 2025: प्रदेश की ऊर्जा राजधानी कोरबा एक बार फिर अपनी टूटी-फूटी सड़कों को लेकर सुर्खियों में है। जहां एक ओर यहां से रोज़ाना लाखों टन कोयले का उत्पादन होकर करोड़ों रुपये का राजस्व राज्य सरकार को मिलता है, वहीं दूसरी ओर इन इलाकों की सड़कें अपनी जर्जर हालत पर रो रही हैं।   इसी बदहाल स्थिति से परेशान होकर कटघोरा थाना क्षेत्र के लखनपुर मार्ग पर शुक्रवार को ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण — जिनमें महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल थे — सड़क पर उतर आए और कोयला परिवहन पूरी तरह रोक दिया।     — गड्ढों से भरी सड़कें, रोज़ हादसे   ग्रामीणों का कहना है कि रोज़ाना हजारों की संख्या में भारी ट्रक और ट्रेलर कोयला ढोते हुए इसी मार्ग से गुजरते हैं। इन वाहनों के दबाव से सड़कें पूरी तरह टूट चुकी हैं। जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे दोपहिया और छोटे वाहन चालकों को हर रोज़ हादसे का जोखिम उठाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार दुर्घटनाएँ होने के बावजूद प्रशासन और कोल कंपनियां चुप्पी साधे हुए हैं।   —   वादाखिलाफी पर फूटा गुस्सा   ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल भी उन्होंने इसी मुद्दे पर आंदोलन किया था। तब प्रशासनिक अधिकारियों ने सड़क मरम्मत का आश्वासन दिया था, लेकिन एक साल बाद भी हालत जस की तस है। ग्रामीणों ने कहा —   > “सरकार हर दिन कोयले से करोड़ों कमा रही है, लेकिन हमारे गांव तक आने वाली सड़कों की सुध लेने वाला कोई नहीं। जब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।”         —   कोयला परिवहन ठप — प्रशासन मौके पर   चक्काजाम की जानकारी मिलते ही कटघोरा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। हालांकि ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे। इस दौरान कोयला परिवहन कई घंटों तक ठप रहा, जिससे ट्रकों की लंबी कतारें लग गईं।     —   बड़ा सवाल — डीएमएफ का पैसा कहाँ जा रहा है?   कोरबा जिले से प्रतिदिन कोयला उत्पादन और परिवहन से सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। इसके अलावा डीएमएफ (जिला खनिज निधि) के तहत भी भारी भरकम राशि विकास कार्यों के लिए मिलती है। इसके बावजूद उत्पादन क्षेत्र की सड़कों की स्थिति दयनीय बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि जब इन पैसों से प्रदेश के अन्य जिलों में सड़कें बन रही हैं, तो कोरबा के ग्रामीण क्षेत्रों को अब तक क्यों नजरअंदाज किया जा रहा है?    

अमित बघेल के विवादित बयान से बवाल: अग्रवाल और सिंधी समाज सड़कों पर उतरा, FIR की मांग को लेकर थाने का किया घेराव

कोरबा/कटघोरा, 30 अक्टूबर 2025: छत्तीसगढ़ में जोहार छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ी क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल के विवादित बयान ने सामाजिक और राजनीतिक हलकों में तूफान खड़ा कर दिया है। उनके बयान से अग्रवाल और सिंधी समाज में भारी नाराजगी देखी जा रही है। दोनों समाजों ने इसे अपमानजनक और असंवेदनशील करार देते हुए बघेल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग की है।   बताया जा रहा है कि हाल ही में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति खंडन की घटना के बाद जोहार छत्तीसगढ़ और क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अमित बघेल ने अग्रवाल और सिंधी समाज को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी, जिसमें उन्होंने समाज के आराध्य देवता के प्रति भी अभद्र शब्दों का प्रयोग किया। इस टिप्पणी के बाद दोनों समाजों में गहरा आक्रोश फैल गया। कटघोरा में उबाल — थाने तक पहुंचा विरोध कटघोरा में आज सुबह अग्रवाल और सिंधी समाज के सैकड़ों लोग अग्रसेन भवन में एकत्र हुए। यहां से दोनों समाजों ने आक्रोश रैली निकालते हुए मुख्य मार्ग से होते हुए कटघोरा थाना पहुंचे। रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि अमित बघेल के खिलाफ FIR दर्ज की जाए और उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि “किसी भी समाज के भगवान या आराध्य के प्रति अपमानजनक टिप्पणी कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।”   प्रमुख समाजजन रहे शामिल आक्रोश रैली में अग्रवाल समाज से — पवन अग्रवाल (अध्यक्ष), अभिषेक गर्ग (सचिव), रामनाथ अग्रवाल (संरक्षक), सागरमल धनोदिया (संयोजक), रतन मित्तल, राकेश अग्रवाल (कोषाध्यक्ष), हितेश अग्रवाल (मीडिया प्रभारी), अजय धनोदिया, कृष्ण गोपाल मित्तल, जयभगवान जिंदल, रमेश गर्ग, बजरंग अग्रवाल, लक्ष्मी गर्ग सहित कई सदस्य शामिल रहे।   वहीं सिंधी समाज से — रमेश वाटवानी (अध्यक्ष), सुनील दुहलानी, नानक राम पंजवानी, रॉकी जगवानी, मनीश दुहलानी, तुलसी राजपूत, दिल्लू सचदेव, अनिल असनानी, जीतू बहरानी, पंकज रत्नानी, अनिल आलवानी, लक्की दुहलानी, मूलचंद, अशोक मलानी, लक्की आलवानी, भरत सचदेवा, पंकज दुहलानी, महेश वाधवानी, पप्पू वाधवानी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।   प्रशासन सतर्क — शांति की अपील कटघोरा पुलिस प्रशासन ने स्थिति पर करीबी नजर रखी हुई है। थाना प्रभारी ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। हालांकि, अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।   इस विवाद ने प्रदेश में सामाजिक सौहार्द और राजनीतिक समीकरणों पर गहरा असर डाला है। अब सबकी नजर प्रशासन की कार्रवाई और अमित बघेल के अगले कदम पर टिकी है।  

पासरखेत में 13 फीट का विशालकाय किंग कोबरा — कोरबा वन मंडल और नोवा नेचर टीम ने किया सफल रेस्क्यू

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा (छत्तीसगढ़): कोरबा जिले के पासरखेत गांव में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ग्रामीणों ने करीब 13 फीट लंबे विशालकाय किंग कोबरा को देखा। अचानक इतने बड़े विषधर सांप के दिखाई देने से लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई।   घटना की सूचना तत्काल वन विभाग और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी की टीम को दी गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यूअर जितेंद्र सारथी ने मामले की जानकारी डीएफओ श्रीमती प्रेमलता यादव को दी। उनके निर्देश और एसडीओ श्री आशीष खेलवार एवं एसडीओ श्री सूर्यकांत सोनी के मार्गदर्शन में जितेंद्र सारथी अपनी टीम — एम. सूरज, सिद्धांत जैन और बबलू मारवा के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।   गांव पहुंचने के बाद टीम ने पहले ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर किया और तय प्रोटोकॉल के अनुसार रेस्क्यू अभियान शुरू किया। लगभग डेढ़ घंटे तक चले इस अभियान में किंग कोबरा बार-बार फुफकारता रहा और अपना रौद्र रूप दिखाता रहा, लेकिन रेस्क्यू टीम ने धैर्यपूर्वक और सावधानी से कार्य करते हुए अंततः उसे सुरक्षित थैले में पकड़ने में सफलता प्राप्त की।   रेस्क्यू के बाद वन परिक्षेत्र अधिकारी देवदत्त खांडे की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया और किंग कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास के घने जंगल में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।   इस मौके पर नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष एम. सूरज, सिद्धांत जैन, बबलू मारवा, संतोष कुमार यादव, चनेश राठिया, खगेश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।   डीएफओ श्रीमती प्रेमलता यादव ने आमजनों से अपील की है कि किंग कोबरा, जिसे स्थानीय भाषा में “पहाड़ चित्ती” कहा जाता है, वन्यप्राणी (संरक्षण) अधिनियम-1972 के तहत वर्ग-1 संरक्षित प्रजाति में शामिल है। इसे मारना या नुकसान पहुंचाना दंडनीय अपराध है। यदि किसी क्षेत्र में सांप दिखाई दे तो लोग तत्काल वन विभाग को या टोल फ्री नंबर 8817534455 पर सूचना दें।   किंग कोबरा दुनिया का सबसे लंबा विषधर सांप है, जिसकी लंबाई 20 फीट तक हो सकती है। यह अन्य सांपों को खाकर पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखता है। उल्लेखनीय है कि यह एकमात्र सांप है जिसकी मादा अपने अंडों के लिए पत्तों से घोंसला बनाती है और तीन माह तक उसकी रक्षा करती है — यह इसकी मातृत्व प्रवृत्ति की अनूठी मिसाल है।   विशेषज्ञों के अनुसार किंग कोबरा सामान्यतः मनुष्य पर हमला नहीं करता, केवल खतरा महसूस होने पर ही आक्रामक होता है। इसलिए ऐसी स्थिति में सांप को मारने के बजाय वन विभाग को सूचना देना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।   कोरबा वन मंडल और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी लगातार जनजागरूकता और रेस्क्यू अभियानों के माध्यम से यह संदेश दे रही हैं कि — 👉 “इंसान और सांप का सह-अस्तित्व ही संरक्षण की दिशा में सबसे बड़ी पहल है।”  

राष्ट्रीय एकता दिवस पर थाना दर्री, कोरबा द्वारा “रन फॉर यूनिटी” एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा, 31 अक्टूबर 2025 — राष्ट्रीय एकता दिवस एवं संदेश दिवस के अवसर पर थाना दर्री, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) द्वारा आज उत्साहपूर्ण माहौल में “रन फॉर यूनिटी” (Run for Unity) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि देकर की गई। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश देते हुए लगभग 3 से 4 किलोमीटर तक दौड़ लगाई। पुलिस अधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारों के साथ पूरे मार्ग को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम के दौरान एक रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सद्भाव के संदेशों को अपनी रंगीन कलाकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों की रचनात्मकता और देशभक्ति ने सभी को प्रभावित किया। थाना दर्री के अधिकारियों ने इस अवसर पर युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाते हुए समाज में एकता, अनुशासन और सद्भावना बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएं।   यह आयोजन पुलिस विभाग और शिक्षा जगत के संयुक्त प्रयास का प्रेरणादायक उदाहरण रहा, जिसने क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को और प्रबल किया।

मोकामा मर्डर केस: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव का बड़ा हमला — “अपराधियों के सरंक्षण में चल रहा चुनाव, डर है सूरजभान और लल्लू मुखिया की भी हत्या हो सकती है”

✍️ भागीरथी यादव   मोकामा विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को सियासी हिंसा ने चुनावी माहौल को गर्मा दिया। घोसवरी थाना क्षेत्र के बासवान चक में जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह और जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थकों के बीच पथराव और झड़प के बाद राजद के वरिष्ठ कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया।   देर रात पूर्णिया सांसद पप्पू यादव मृतक दुलारचंद के परिजनों से मिलने पहुंचे और वहां उन्होंने सरकार, प्रशासन और चुनाव आयोग पर तीखे सवाल उठाए।     —   🔴 “दुलारचंद को जानवर की मौत मारी गई” – पप्पू यादव   पप्पू यादव ने कहा कि मोकामा और बाढ़ क्षेत्र आज भी अपराध के गढ़ बने हुए हैं। “16 साल में बिहार को अपराध का राज्य बना दिया गया है। जदयू ने बक्सर से लेकर मोकामा तक अपराधी छवि वाले लोगों को टिकट दिया है,” उन्होंने कहा।   उन्होंने आगे जोड़ा — “दुलारचंद को जिस तरह मारा गया, वह किसी इंसान की नहीं, जानवर की मौत थी। अपराधी खुलेआम पुलिस के संरक्षण में घूम रहे हैं, और प्रशासन विपक्षी दलों को ही फंसाने में जुटा है।”     —   ⚠️ “सूरजभान सिंह और लल्लू मुखिया की हत्या की आशंका”   पप्पू यादव ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि बाढ़ के उम्मीदवार लल्लू मुखिया और विपक्ष के प्रत्याशी सूरजभान सिंह की जान को भी खतरा है। “हमें डर है कि इनकी भी हत्या कर दी जाएगी, हालात बहुत गंभीर हैं,” उन्होंने कहा।     —   ⚖️ “चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं, करेंगे हाईकोर्ट में याचिका”   पप्पू यादव ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा, “दिल्ली से लेकर भागलपुर तक एक ‘सुपर सीएम’ का राज चलता है। ऐसे माहौल में निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद नहीं की जा सकती।” उन्होंने चेतावनी दी कि वे हाईकोर्ट में जाकर अधिकारियों की कॉल डिटेल्स की जांच की मांग करेंगे।     —   🔥 अनंत सिंह पर सीधा वार – “पहले ही मिलनी चाहिए थी फांसी”   अनंत सिंह पर हमला बोलते हुए पप्पू यादव ने कहा, “पुटुस हत्याकांड में ही उसे फांसी हो जानी चाहिए थी, लेकिन कुछ लोग पैसा लेकर पलट गए। अब इस मामले में स्पीड ट्रायल होना चाहिए और दोषियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए।”     —   🗳️ “बीजेपी माहौल को और डरावना बना रही है”   सांसद ने कहा कि बीजेपी अब पूरे जोर से “आतंक के माहौल” को बढ़ाकर विपक्ष की सीटें कमजोर करने की कोशिश में है। उन्होंने कहा — “बिहार में अब फेयर चुनाव की उम्मीद नहीं बची। हर जाति को टारगेट किया जा रहा है, प्रशासन मूकदर्शक बना है।”     —   🕯️ मोकामा में दुलारचंद यादव की मौत ने बिहार की राजनीति को हिला दिया है। अब देखने वाली बात होगी कि चुनाव आयोग और प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कदम उठाते हैं, क्योंकि हालात सामान्य कहने लायक नहीं हैं।  

फिडे विश्व कप 2025: गुकेश डी की अगुवाई में भारतीय दल तैयार, 23 साल बाद भारत में हो रहा आयोजन

✍️ भागीरथी यादव   गोवा// फिडे विश्व कप 2025 का आगाज 30 अक्टूबर से गोवा में होने जा रहा है। 23 साल बाद भारत इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। इस बार ग्रैंडमास्टर गुकेश डी की अगुवाई में मजबूत भारतीय दल खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में उतर रहा है।   मौजूदा संस्करण में गुकेश डी, अर्जुन एरिगैसी और आर. प्रज्ञानंदा को शीर्ष तीन वरीयताएं मिली हैं, जबकि डच ग्रैंडमास्टर अनीश गिरी विदेशी खिलाड़ियों में सर्वोच्च रैंकिंग पर रहेंगे। टूर्नामेंट में 20 लाख डॉलर की इनामी राशि रखी गई है और इसका आयोजन एकल नॉक-आउट प्रारूप में होगा।   भारत की उम्मीदें गुकेश, अर्जुन, प्रज्ञानंदा के साथ विदित गुजराती, पी. हरिकृष्णा और निहाल सरीन जैसे खिलाड़ियों पर टिकी हैं। वहीं, महिला वर्ग में फिडे महिला विश्व कप चैंपियन दिव्या देशमुख वाइल्ड कार्ड से हिस्सा ले रही हैं।   फिडे विश्व कप के विजेता को 120,000 डॉलर की पुरस्कार राशि मिलेगी और शीर्ष तीन खिलाड़ी कैंडिडेट्स 2026 के लिए क्वालीफाई करेंगे। प्रतियोगिता का समापन 27 नवंबर को होगा।

अन्य खबरे

सकरी पुलिस ने हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार, मामूली विवाद बना मौत की वजह
कोरबी में सामुदायिक पुलिसिंग की मिसाल: विद्यार्थियों ने किया पुलिस चौकी का शैक्षणिक भ्रमण
कोरबा नगर निगम का आदेश: इन तिथियों पर मांस बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित
भाजपा युवा मोर्चा कोरबा में नई नियुक्ति, कृष्णानंद राठौर बने जिला नीति एवं अनुसंधान सह प्रमुख
राजमेरु संस्था रायपुर द्वारा जन-जागरूकता सम्मेलन संपन्न, महिलाओं को अधिकारों के प्रति किया जागरूक
दरी थाना पहुंची हसदेव स्कूल की टोली, TI आशीष सिंह ने बच्चों को समझाई पुलिस और कानून की जिम्मेदारी