✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार मुस्लिम मोहल्ले में तलवार लेकर लोगों को डराने-धमकाने के मामले में अब पुलिस का आधिकारिक पक्ष भी सामने आ गया है। एक ओर पत्रकार कन्हैया सोनी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए समय पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए हैं, वहीं दूसरी ओर कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पत्रकार कन्हैया सोनी के अनुसार, मोहल्ले का रहने वाला प्रेम कुमार साहू (19 वर्ष) पिछले तीन दिनों से कथित तौर पर हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा था, जिससे लोगों में भय और दहशत का माहौल था। उनका आरोप है कि सबसे पहले उन्होंने मानिकपुर चौकी को सूचना दी, लेकिन वहां से स्टाफ नहीं होने की बात कही गई। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी, लेकिन आरोपी हर बार पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो जाता था।
कन्हैया सोनी का दावा है कि पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने स्वयं साहस दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और उसके पास मौजूद हथियार अपने कब्जे में लेकर पुलिस को दोबारा सूचना दी। उनके अनुसार, करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लिया। उन्होंने यह भी बताया कि मौके पर मौजूद 15 से 20 महिलाओं ने भी पुलिस के सामने युवक की गतिविधियों और मोहल्ले में फैली दहशत की जानकारी दी।
पुलिस का आधिकारिक पक्ष
कोरबा पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना मिली कि मुड़ापार मुस्लिम बस्ती निवासी प्रेम कुमार साहू (19 वर्ष) अपने घर के सामने हाथ में धारदार तलवार लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है और क्षेत्र में भय का माहौल बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया तथा उसके कब्जे से धारदार लोहे की तलवार बरामद कर जब्त कर ली।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 641/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कोरबा भेज दिया गया।
पुलिस ने यह भी बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत की गई है। पिछले चार-पांच दिनों में आर्म्स एक्ट के तहत यह लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
दोनों पक्ष सामने
इस मामले में पत्रकार कन्हैया सोनी द्वारा लगाए गए आरोप और पुलिस का आधिकारिक पक्ष दोनों सामने आ चुके हैं। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और शुरुआती सूचना पर हुई प्रतिक्रिया को लेकर चर्चा बनी हुई है। यदि इस मामले में कोई अन्य तथ्य या स्पष्टीकरण सामने आता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
