
सुशील जायसवाल
कोरबा/कोरबी चोटिया, 5 मई 2026।
सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्राम पिपरिया में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ उठाया। शिविर में कुल 538 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 120 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
शिविर में मत्स्य, पंचायत, राजस्व, खाद्य सहित विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। खाद्य विभाग ने 29 किसानों को राशन कार्ड वितरित किए, वहीं कृषि विभाग द्वारा 2 किसानों को पंप प्रदान किए गए।

जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की अध्यक्ष माधुरी तंवर ने इसे सरकार की जनकल्याणकारी पहल बताते हुए कहा कि अब योजनाओं का लाभ सीधे गांव स्तर पर पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, वृक्षारोपण करने और योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की।

जनपद उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

एसडीएम मनोज बंजारे ने कहा कि यह शिविर सरकार की जनकेन्द्रित सोच का प्रतीक है, जहां अब ग्रामीणों को छोटे-बड़े कार्यों के लिए जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर आवेदन का पारदर्शी तरीके से निराकरण किया जाएगा।

जनपद सीईओ जयप्रकाश डडसेना ने शिविर की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि शेष आवेदनों का परीक्षण कर शीघ्र निराकरण किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर ग्रामीण विकास को गति देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बच्चन पसान, तहसीलदार वीरेंद्र सिंह श्याम, जनपद सदस्यगण, सरपंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
