कोरबा विवादों की नींव पर खड़ा शिवाय हॉस्पिटल, लापरवाही से सड़ा शव—मचा हड़कंप

Oplus_16908288

✍️ भागीरथी यादव 

 

 

कोरबा। शहर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित शिवाय हॉस्पिटल एक बार फिर गंभीर लापरवाही के चलते विवादों में घिर गया है। अस्पताल प्रबंधन की कथित अनदेखी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। यहां एक बुजुर्ग मरीज का शव अस्पताल के डीप फ्रीजर में रखने के बाद उसे चालू करना ही “भूल” गए, जिसके चलते शव सड़ने लगा और अस्पताल में हड़कंप मच गया।

👉 क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, कोरबा के एक प्रतिष्ठित परिवार के बुजुर्ग को इलाज के लिए शिवाय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों के कुछ सदस्य बाहर होने के कारण शव को सुरक्षित रखने के लिए अस्पताल प्रबंधन से डीप फ्रीजर की व्यवस्था कराई गई थी।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने शव को फ्रीजर में तो रख दिया, लेकिन मशीन चालू करना ही भूल गए। 19 अप्रैल से 21 अप्रैल तक शव फ्रीजर में ही पड़ा रहा, जिससे वह सड़ने लगा।

👉 बेटे के पहुंचते ही खुला राज

मृतक का बेटा विदेश से अंतिम संस्कार के लिए जब कोरबा पहुंचा और फ्रीजर खोला गया, तो शव की स्थिति देखकर सभी स्तब्ध रह गए। इस दृश्य ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश फूट पड़ा।

👉 परिजनों का आरोप—‘घोर लापरवाही’

परिजनों का कहना है कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के साथ खिलवाड़ है। यदि समय पर फ्रीजर चालू किया जाता, तो शव सुरक्षित रहता। इस घटना ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

👉 पुलिस पहुंची, मामला शांत कराने की कोशिश

घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। हालांकि, अब तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

👉 प्रशासन और स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

100 बिस्तरों वाला यह अस्पताल केवल प्रोविजनल लाइसेंस पर संचालित हो रहा है। ऐसे में इतनी बड़ी लापरवाही ने न सिर्फ अस्पताल प्रबंधन बल्कि स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

🔴 बड़ा सवाल:

क्या जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई या फिर ऐसे ही जारी रहेगी लापरवाही?