बंगाल चुनाव में गरजा ‘सिंघम’, TMC नेता का जवाब— मैं पुष्पा हूं, झुकूंगा नहीं!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। चुनावी माहौल के बीच IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता जहांगीर खान को सख्त चेतावनी देते नजर आ रहे हैं।

आरोप है कि जहांगीर खान अपने इलाके में मतदाताओं को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद बंगाल में चुनाव ड्यूटी पर पुलिस ऑब्जर्वर के रूप में तैनात अजय पाल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और टीएमसी नेताओं को कड़ी चेतावनी दी।

इस पूरे मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब एबीपी न्यूज से बातचीत में टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान ने विवादित बयान देते हुए कहा, “वो सिंघम हैं तो मैं पुष्पा हूं, झुकूंगा नहीं.”

जहांगीर खान के इस बयान के बाद बंगाल की राजनीति में नया बवाल खड़ा हो गया है। विपक्ष ने इसे लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया के लिए खतरा बताया है, वहीं टीएमसी इसे राजनीतिक साजिश करार दे रही है। मतदान से पहले इस बयानबाजी ने बंगाल की चुनावी लड़ाई को और गर्मा दिया है।