मुंगेली में दिनदहाड़े लाखों की चोरी: दंपत्ति की गैरमौजूदगी में घर का ताला टूटा, अलमारी खंगाली—सोना-चांदी व नकदी लेकर फरार हुए चोर

मुंगेली (लोरमी)- थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम बिचारपुर में बुधवार को हुई एक बड़ी चोरी की घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है। शिकायतकर्ता अरुण कश्यप (55), पिता भगत कश्यप ने बताया कि वे 13 नवंबर को अपनी पत्नी के साथ ग्राम सुकली में मितानिन बैठक में शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर सुबह 11:45 बजे निकले थे। लेकिन शाम करीब 4 बजे लौटते ही उनका सामना एक दिल दहला देने वाले दृश्य से हुआ।

दरवाज़ा टूटा, अलमारी खंगाली—सबकुछ बिखरा हुआ

घर का मुख्य दरवाज़ा आधा खुला मिला और ताला पूरी तरह टूटा हुआ था। अंदर प्रवेश करते ही अलमारी का टूटा ताला और बिखरे सामान ने साफ कर दिया कि चोरों ने घर को बारीकी से खंगाला है। अरुण कश्यप के अनुसार अज्ञात चोर उनके सोने-चांदी के गहने और नकदी साफ कर ले गए।

चोरी गए सामान की विस्तृत सूची

पीड़ित द्वारा बताए अनुसार—

₹10,000 नकद (200 व 500 के नोट)

सोने के जेवर:

5 तोला कंठी

2.5 तोला झुमका (1 जोड़ी)

1.5–1.5 तोला की 2 चेन (पेंडेंट ‘नंद-कुश’ सहित)

13 नग मनचली – 8 मासा

4 फोकला – 6 मासा

उतरना – 6 मासा

डामरखुटी – 6 मासा

बाली (1 जोड़ी) – 6 मासा

अंगूठी – 5 मासा

बच्चा वाला लाकेट – 5 मासा

गणेश पेंडेंट – 2 नग (5-5 मासा)

टॉप (ईयररिंग) – 6 मासा

सोने का टुकड़ा – लगभग 3 मासा

चांदी के सामान:

400 ग्राम का लच्छा

5 जोड़ी पतली पायल

2 जोड़ी बच्चा वाली चूड़ियाँ

5 जोड़ी बिछिया

3 तोला की पायल (1 जोड़ी)

कुल चोरी गया सामान करीब ₹4.75 लाख मूल्य का बताया गया है। पीड़ित का कहना है कि सभी गहने उपयोग किए हुए हैं, जिन्हें वे तुरंत पहचान सकते हैं।

पुलिस ने दर्ज किया केस, कई बिंदुओं पर जांच

लोरमी थाना पुलिस ने अरुण कश्यप की शिकायत पर बीएनएस की धारा 331(3) और 305 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उपनिरीक्षक सतेन्द्र पुरी गोस्वामी ने FIR दर्ज की और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के घरों, रास्तों और संभावित एंट्री–एग्जिट पॉइंट्स पर जानकारी जुटाना शुरू किया है। गांव के लोगों का मानना है कि दिनदहाड़े चोरी होना संकेत देता है कि इसमें किसी जानकार का हाथ हो सकता है।

गांव में दहशत, पुलिस ने जल्द खुलासे का दिया भरोसा

वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जुटाए गए सुरागों के आधार पर आरोपी जल्द ही गिरफ्तार किए जाएंगे।

यह घटना इस बात का सबूत है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिनदहाड़े चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता है।