कोरबा : कोतवाली नवीन थाना भवन का लोकार्पण, ई-मालखाना का हुआ शुभारंभ

✍️ भागीरथी यादव

 

 

 

वीडियो कांफ्रेंस के जरिए आईजी रामगोपाल गर्ग और मंत्री लखन लाल देवांगन ने दी बधाई

 

कोरबा, 24 सितंबर। थाना कोतवाली कोरबा के नवीन थाना भवन का लोकार्पण गुरुवार को किया गया। इसी अवसर पर थाना परिसर में ई-मालखाना का भी शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के दौरान वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रामगोपाल गर्ग एवं मंत्री लखन लाल देवांगन ने भी कार्यक्रम से जुड़कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने नवीन थाना भवन एवं ई-मालखाना के शुभारंभ पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग और प्रभावी पुलिसिंग पर जोर दिया। वहीं मंत्री लखन लाल देवांगन ने भी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से शुभकामनाएं देते हुए नवीन थाना भवन को पुलिस व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

नवीन भवन के शुरू होने से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलने के साथ ही थाना पहुंचने वाले आम नागरिकों को भी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। वहीं ई-मालखाना व्यवस्था के माध्यम से थाने में जब्त एवं सुरक्षित रखी जाने वाली सामग्री के रिकॉर्ड और प्रबंधन को तकनीक आधारित एवं अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता

 

कार्यक्रम के दौरान कोरबा पुलिस द्वारा साइबर अपराधों से बचाव को लेकर नागरिकों को जागरूक भी किया गया। ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों से सतर्क रहने की अपील की।

पुलिस ने लोगों से अनजान व्यक्तियों के साथ OTP, ATM PIN, आधार नंबर अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की। संदिग्ध APK या लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा अनजान लोगों द्वारा किए जाने वाले WhatsApp वीडियो कॉल से भी सावधान रहने की सलाह दी गई।

 

इसके अलावा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने, समय-समय पर पासवर्ड बदलने तथा ऑनलाइन सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करने की अपील की गई। पुलिस ने मोबाइल एप्लीकेशन केवल Google Play Store या App Store से डाउनलोड करने की सलाह भी दी।

 

साइबर ठगी का शिकार होने अथवा आर्थिक नुकसान होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

 

कोरबा पुलिस ने नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता और जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है। पुलिस का संदेश है—“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।”