चलती XUV में स्टंटबाजी पड़ी भारी, पांच युवकों पर FIR देखें वीडियो……

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बलरामपुर। सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के लिए सड़क पर खतरनाक स्टंट करना पांच युवकों को भारी पड़ गया। बलरामपुर जिले में नेशनल हाईवे-343 पर चलती XUV-700 में दरवाजे खोलकर और सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में युवक वाहन से बाहर लटकते हुए नजर आ रहे हैं।

बताया गया कि यह वीडियो 19 सितंबर का है। तेज रफ्तार वाहन में इस तरह की हरकत से न केवल सवार युवकों, बल्कि हाईवे पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी। वीडियो वायरल होने के बाद बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए वाहन की पहचान की।

पुलिस ने चालक सुनील गुप्ता समेत पांच युवकों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों पर BNS की धारा 281 और मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस वाहन और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।