✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल महाराजा पैलेस में मिथिला समाज की महिलाओं द्वारा ‘मिथिला सखी सावन मिलन समारोह-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान मिथिलांचल की लोक संस्कृति, परंपरा और संस्कारों की मनोहारी झलक देखने को मिली।

समारोह का शुभारंभ समाज की वरिष्ठ महिलाओं ने भगवान राधा-कृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद परिचय सत्र आयोजित हुआ, जिसमें समाज की महिलाओं ने एक-दूसरे से परिचय प्राप्त किया और आपसी मेलजोल को मजबूत किया।

कार्यक्रम में पारंपरिक लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। श्रीमती शांति झा ने लोकगीत की प्रस्तुति दी, वहीं बच्चों ने गीत और नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। महिलाओं के लिए आयोजित रैंप वॉक प्रतियोगिता भी समारोह का प्रमुख आकर्षण रही। इसमें आरती झा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि भारती झा को ‘सावन क्वीन-2026’ चुना गया।
समारोह में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा एवं किरण मनोज झा (बरपाली) को ‘मिथिला गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मान ग्रहण करते हुए सोनी विकास झा ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि मिथिला समाज की कर्मठ महिलाओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहना ही समाज की वास्तविक पहचान है। महिलाएं घर-परिवार संभालने के साथ लोक कला, संस्कार और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
किरण मनोज झा ने क्षेत्र के विकास और मिथिला संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी एकजुटता बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं।
समारोह में पढ़ाई के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज का नाम रोशन करने वाले मेधावी बच्चों कृतिका झा, कल्याणी झा और अश्मित झा को भी पुरस्कृत किया गया।
महिलाओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न खेलकूद, पहेली प्रतियोगिता, फलाहार, भजन और सामूहिक नृत्य का आयोजन किया गया। आयोजन समिति की ओर से सभी आगंतुकों के लिए रिटर्न गिफ्ट की भी व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम का संचालन प्रीति विकेश झा ने किया, जबकि सुधा झा ने आभार व्यक्त किया। अंत में सामूहिक भोज के साथ समारोह का समापन हुआ।
समारोह में सुधा झा, अन्नू झा, प्रीति झा, निशु झा, प्रीति मिश्रा, कल्पना झा, जलपरियां झा, बबीता झा, किरण झा, मधु झा, कोमल झा, शांति झा, सीता झा, इंदु देवी, राखी झा, आरती झा, अलका चौधरी, सोना झा, बिंदु झा, ज्योति झा, अंकु झा, प्रेमलता मिश्रा, अंजलि झा, मंजू झा, सुनीता झा, तनुजा मिश्रा, नीलम झा, कंचन झा, रानी झा, खुशबू झा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
