✍️ भागीरथी यादव
महासमुंद। गांजा तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 170.75 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई गई है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे की खेप को मिनी ट्रक में कांच के टुकड़ों और कचरे के नीचे छिपाकर रखा था। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को 26 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मिनी ट्रक के जरिए गांजे की बड़ी खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर महासमुंद थाना पुलिस ने एनएच-353 पर बिरकोनी स्थित महाराजा ढाबा के पास नाकेबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध मिनी ट्रक क्रमांक DD 01 M/9023 को रोककर जांच की गई।
प्रारंभिक जांच में ट्रक के भीतर कांच के टुकड़े और कचरा ही नजर आया। हालांकि पुलिस को संदेह होने पर वाहन की बारीकी से तलाशी ली गई। कांच और कचरे की परत हटाने पर उसके नीचे छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कुल 170.75 किलो गांजा जब्त किया।
स्विफ्ट कार से कर रहे थे ट्रक की निगरानी
पूछताछ में ट्रक चालक अंकित कुमार यादव (25), निवासी रायबरेली, उत्तर प्रदेश ने बताया कि कुछ लोग स्विफ्ट कार से ट्रक के पीछे चल रहे थे। जानकारी के आधार पर पुलिस ने लाल रंग की स्विफ्ट कार क्रमांक UP 65 BL/9148 को रोककर उसमें सवार तीन लोगों को हिरासत में लिया।
कार सवार संतोष गुप्ता (60), अविनाश सिंह (43) और श्याम प्रकाश सोनी (37) से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने गांजा तस्करी में शामिल होना स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि गांजे की खेप बौद्धगढ़, ओडिशा से फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी।
97 लाख से अधिक की जब्ती
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 170.75 किलो गांजा, मिनी ट्रक, स्विफ्ट कार, नोकिया कीपैड मोबाइल और 3,670 रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 97 लाख 3 हजार 970 रुपये आंकी गई है।
