प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर स्कूलों में हुए विविध आयोजन

सुशील जयसवाल

 

 

लाद/कोरबी-चोटिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार, 17 सितंबर को पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल लाद, सिरमिना, कोरबी सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

शासकीय हाई स्कूल परिसर में कक्षा पहली से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर विद्यालय में ‘न्योता भोज’ का भी आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के प्राचार्य जे.एल. जगत एवं शिक्षकगण शामिल हुए और बच्चों के साथ सामूहिक रूप से भोजन किया।

अभियान के तहत शाम 6 बजे विद्यालय परिसर में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 100 दीप जलाकर विद्यालय परिसर को रोशन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य जे.एल. जगत सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं और शाला परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में सेवा, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया गया।