हसदेव डुबान में मछली का जाल निकालने उतरा युवक तेज बहाव में बहा, 24 घंटे बाद भी तलाश जारी

सुशील जयसवाल

 

 

कोरबी-चोटिया। कोरबी चौकी क्षेत्र के ग्राम गडरा (पठान घाट) में हसदेव नदी के डुबान क्षेत्र में मछली पकड़ने गया 33 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस और रेस्क्यू टीम द्वारा लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार ग्राम गडरा निवासी प्रभु दयाल सिदार (33), पिता स्वर्गीय विशंभर सिदार, ने 16 सितंबर को हसदेव नदी के डुबान क्षेत्र में मछली पकड़ने के लिए जाल लगाया था। जाल निकालने के लिए वह नदी के पानी में उतरा। इसी दौरान अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में समा गया। देखते ही देखते वह नदी के बहाव में बह गया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने कोरबी पुलिस चौकी में सूचना दी। चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद रेस्क्यू टीम और गोताखोरों की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू की गई।

तेज बहाव और अधिक गहराई बनी चुनौती

नदी में पानी का तेज बहाव और कई स्थानों पर अधिक गहराई होने के कारण रेस्क्यू अभियान में लगातार मुश्किलें आ रही हैं। गोताखोरों की टीम नदी के संभावित स्थानों पर सघन तलाश कर रही है। स्थानीय ग्रामीण भी अभियान में सहयोग कर रहे हैं।

घटना को 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी प्रभु दयाल का पता नहीं चल सका है। युवक के लापता होने से परिवार में चिंता और शोक का माहौल है। परिजन लगातार उसके मिलने की आस लगाए हुए हैं। पुलिस और रेस्क्यू टीम का तलाश अभियान जारी है।