✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। जन्माष्टमी पर्व की तैयारियों के बीच बिलासपुर के राजीव गांधी चौक में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां मटकी फोड़ कार्यक्रम के लिए मटकी बांधने के दौरान एक युवक हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के राजीव गांधी चौक में जन्माष्टमी के अवसर पर मटकी फोड़ कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान रेहान खान मटकी बांध रहा था। मटकी बांधते समय वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया, जिससे उसे तेज करंट का झटका लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और आयोजन के दौरान बरती गई सुरक्षा व्यवस्था की भी जानकारी जुटा रही है।
