
सुशील जायसवाल
आंजन नाला पुल के पास दर्दनाक हादसा, युवक की हालत नाज़ुक
कोरबी चोटिया | बागों डुबान क्षेत्र अंतर्गत आंजन नाला पुल के पास शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने सड़क किनारे खड़ी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर नाली में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बनारस से लौट रहे दुर्ग निवासी सौरभ ठाकुर अपने तीन साथियों के साथ चारपहिया वाहन क्रमांक CG 08 AJ 4771 से यात्रा कर रहे थे। ग्राम बगाही पारा, सिरमिना मार्ग स्थित आंजन नाला पुल के मोड़ पर उन्होंने दिशा मैदान के लिए वाहन सड़क किनारे खड़ा किया था।

इसी दौरान दमहामुड़ा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल (CG 16 CR 1670) चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार फुटबॉल की तरह उछलते हुए पास की नाली में जा गिरा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

कार सवारों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल डायल 112 को सूचना दी और कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी को घटना से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल की पहचान उसके पर्स में मिले आधार कार्ड से की गई।
घायल की शिनाख्त सुकनाथ पिता जयराम सिंह, निवासी ग्राम पंचायत बुड़ा पारा, पुलिस चौकी कोरबी के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल सुकनाथ को तत्काल 112 की सहायता से कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाज़ुक बताई जा रही है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की ओर इशारा करता है।






