✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 2 अक्टूबर। एसईसीएल की दीपका खदान में बुधवार रात कोयला परिवहन में लगे वॉल्वो वाहन की चपेट में आने से श्रमिक आनंद सिंह (45) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा खदान के व्यू प्वाइंट के पास हुआ। दुर्घटना में उसके दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसे न्यू कोरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार तड़के करीब 5 बजे उसकी मौत हो गई।

आनंद मूलरूप से जशपुर जिले का रहने वाला था और वर्तमान में हरदीबाजार में रह रहा था। वह दीपका खदान में कलिंगा कार्पोरेशन के कार्यक्षेत्र में बुधवार रात करीब 9:30 बजे ड्यूटी पर था।
हादसे के बाद खदान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। मामले की जांच के लिए खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीडीएमएस) की टीम शुक्रवार को बिलासपुर से दीपका पहुंचेगी और घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की जांच करेगी। इधर, कंपनी के मानव संसाधन प्रमुख विकास दुबे ने मृतक के परिजन को नियमानुसार 15 लाख रुपये मुआवजा देने का लिखित आश्वासन दिया है।
