
✍️ भागीरथी यादव
कांकेर/नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी नक्सली साजिश को नाकाम कर दिया है। कांकेर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान दो इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किए, जिन्हें मौके पर ही सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया गया।
यह कार्रवाई थाना परतापुर क्षेत्र अंतर्गत मुरूसुलनापा के जंगल-पहाड़ी इलाके में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान की गई। अभियान के दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए दो प्रेशर कुकर आईईडी संदिग्ध अवस्था में मिले।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रत्येक आईईडी का वजन करीब 5 किलोग्राम था, जो कि अत्यंत शक्तिशाली विस्फोटक माने जाते हैं। सुरक्षाबलों ने तत्परता दिखाते हुए बीएसएफ की बम निरोधक दस्ता (BDS) टीम को मौके पर बुलाया, जिन्होंने सावधानीपूर्वक दोनों आईईडी को निष्क्रिय कर दिया।
सुरक्षा बलों की इस मुस्तैदी से एक बड़ी घटना टल गई और इलाके में सुरक्षा सुनिश्चित की गई। फिलहाल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि नक्सलियों की अन्य गतिविधियों पर भी प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
