
सुशील जायसवाल
कोरबा–पसान। जिले के सीमावर्ती वन क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक 220 केवी हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़कर आत्महत्या का प्रयास करने लगा। घटना थाना पसान क्षेत्र के ग्राम सेमरा, गुरुद्वारी पारा (जंगल चौकी कोडगार, पेंड्रा) की है, जहां युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, केवल सिंह आयाम (24 वर्ष), पिता बलिराम, निवासी गुरुद्वारी पारा पटेल पारा सेमरा, अचानक जंगल में स्थित हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जल्दबाजी के बजाय सूझबूझ और धैर्य का परिचय दिया। पुलिस टीम ने युवक से लगातार संवाद कर उसे समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद युवक पुलिस की बातों में आया और सुरक्षित नीचे उतर गया।
बताया जा रहा है कि जिस टावर पर युवक चढ़ा था, उसमें 220 केवी की बिजली सप्लाई चालू थी, जिससे किसी भी क्षण बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते पुलिस की सक्रियता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
घटना के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर आवश्यक कार्रवाई की गई। चूंकि घटनास्थल चौकी कोडगार, थाना पेंड्रा (जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) क्षेत्र में आता है, इसलिए युवक को संबंधित चौकी प्रभारी और तहसीलदार के सुपुर्द कर स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पेंड्रा भेजा गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पसान पुलिस की तत्परता, धैर्य और समझदारी की सराहना की, जिससे एक युवक की जान बच सकी और बड़ा हादसा टल गया।
