नशामुक्त कोरबा की ओर मजबूत पहल, नकटीखार में जागरूकता की गूंज

✍️ भागीरथी यादव 

 

 

कोरबा, 28 अप्रैल 2026।

जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत नकटीखार (जनपद पंचायत कोरबा) में मंगलवार को भव्य नशामुक्ति रैली का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आयोजित इस जन-जागरूकता अभियान में ग्रामीणों, युवाओं और सामाजिक संगठनों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

रैली में शामिल प्रतिभागियों ने गांव की गलियों में घूमकर नशे के खिलाफ संदेश दिए और लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया। भारत माता वाहिनी दल ने प्रभावशाली नारों और संदेश-पटों के जरिए जनमानस को नशा त्यागने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान नशामुक्ति से संबंधित साहित्य का वितरण भी किया गया।

रैली स्थल पर उपस्थित नागरिकों को सामूहिक रूप से नशा छोड़ने की शपथ दिलाई गई, जिससे कार्यक्रम का वातावरण संकल्प और जागरूकता से भर गया। समाज कल्याण विभाग कोरबा के उपसंचालक श्री हरीश सक्सेना ने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक ताने-बाने को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सुरक्षित जीवन अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक आबकारी अधिकारी श्री राठौर, उपनिरीक्षक आबकारी सुश्री जया मेहर, परिवीक्षा अधिकारी श्री एम.के. दिवाकर, ग्राम पंचायत सचिव श्री कृष्णा राठौर सहित ग्राम के वरिष्ठजनों और ग्रामीणों का सक्रिय सहयोग रहा।

यह रैली न केवल एक जागरूकता कार्यक्रम रही, बल्कि नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक ठोस और प्रेरणादायक कदम के रूप में सामने आई।