गुंडागर्दी पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, तलवार लहराने वाला आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर, 29 अप्रैल 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आमजन में दहशत फैलाने वाले एक युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, बड़े कोनी निवासी 24 वर्षीय अंकित कुमार यादव क्षेत्र में हाथ में तलवार लेकर खुलेआम घूम रहा था और राहगीरों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा था। इस घटना से इलाके में भय का माहौल बन गया था और लोगों में असुरक्षा की भावना व्याप्त हो गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना कोनी पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। 28 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पेट्रोलिंग स्टाफ और गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार तलवार बरामद की गई, जिसे मौके पर ही जप्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल हुई है और आमजन ने राहत की सांस ली है। वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।