कोरबा ब्रेकिंग : कोयला लोड ट्रेलर बना काल, बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत, दो पोते बाल-बाल बचे

सुशील जायसवाल

कोरबा/पसान।

 

कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। लैंगा-जटगा मुख्य मार्ग की घाटी में कोयले से भरा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर बाइक सवारों पर पलट गया। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो पोते चमत्कारिक रूप से बच गए।

मृतका की पहचान धनरास निवासी 62 वर्षीय बालकुंवर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने दो पोतों के साथ बाइक से इलाज कराकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कोयला लोड ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और पलट गया।

कोयले के ढेर में दब गए तीनों

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर पलटते ही बाइक सवार तीनों लोग कोयले के नीचे दब गए। एक युवक पूरी तरह कोयले में दब गया था, जबकि दूसरा सड़क किनारे जा गिरा। मौके पर मौजूद लोगों ने जान जोखिम में डालकर तुरंत राहत कार्य शुरू किया और दबे युवक को बाहर निकाला।

 

लेकिन तब तक बुजुर्ग बालकुंवर की सांसें थम चुकी थीं। कोयले के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों पोतों को मामूली चोटें आई हैं।

घाटी में फिर दिखी तेज रफ्तार की मौत

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया था। बाद में दूसरे वाहन की मदद से सड़क पर फैले कोयले और पलटे ट्रेलर को हटाकर यातायात बहाल किया गया।

ग्रामीणों में आक्रोश, भारी वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लैंगा-जटगा घाटी में तेज रफ्तार भारी वाहन लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कोयला परिवहन करने वाले ट्रेलरों की गति पर सख्ती से नियंत्रण लगाया जाए और मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाए जाएं।

हादसे के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।