उर्स जुलूस में चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार, बिलासपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Oplus_16908288

✍️ भागीरथी यादव 

 

 

बिलासपुर। उर्स त्योहार के दौरान संदल जुलूस में चाकू लहराकर आम लोगों में दहशत फैलाने वाले दो युवकों पर बिलासपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से धारदार हथियार जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उर्स पर्व के अवसर पर घोड़ादाना स्कूल तारबहार से संदल की एक टोली चादर लेकर निकली थी। इसी दौरान पुलिस लाइन क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद आरोपी हर्ष खांण्डे हाथ में बड़ा चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने लगा। पुलिस टीम के पहुंचते ही वह मौके से फरार हो गया था। बाद में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी पहचान कर तलाश की गई और आरोपी को धारदार चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं दूसरी घटना में तालापारा सिविल लाइन से निकली संदल टोली के दौरान मगरपारा चौक के पास आरोपी अब्दुल अजीम खान हाथ में चापड़नुमा धारदार हथियार लहराते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बड़ा लोहे का धारदार चाकू और एक चापड़नुमा हथियार जब्त किया है।

 

बिलासपुर पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, हथियार लहराकर दहशत फैलाने और आम जनता को भयभीत करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है।