रवि जायसवाल के ढाबे में चल रहा था अवैध शराब का खेल, पुलिस ने मारा छापा

✍️ भगीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोपका स्थित एक ढाबे पर छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान ढाबा संचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सरकंडा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छठघाट रोड मोपका स्थित जायसवाल ढाबा में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर लोगों को शराब पिलाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ ढाबे की घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही वहां शराब पी रहे लोग मौके से फरार हो गए।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने ढाबा संचालक रविशंकर उर्फ रवि जायसवाल (35 वर्ष) निवासी सिरगिट्टी को हिरासत में लिया। तलाशी में ढाबे से 50 पाव देशी प्लेन शराब, 11 नग बियर, सिग्नेचर अंग्रेजी शराब, खुले शराब की बोतलें तथा शराब पिलाने में उपयोग किए जा रहे डिस्पोजल ग्लास बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 36(C) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि आसपास होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।