✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। मगरलोड थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर कृषि भूमि बेचने के नाम पर करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, चेक, रबर सील और नगदी बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गोबरा नवापारा निवासी सचिन बगानी ने मगरलोड थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ठाकुर राम साहू ने ग्राम सांगा में मृतक विष्णु प्रसाद साहू के नाम दर्ज करीब 4.5 एकड़ कृषि भूमि को अपनी जमीन बताकर बेचने का प्रयास किया। इसके लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और भूमि बिक्री के नाम पर प्रार्थी से नगद व चेक के माध्यम से करीब 40 लाख रुपये लिए गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मृतक के नाम से तैयार बैंक खाते के दस्तावेज, ग्राहक आवेदन फार्म और बैंक स्टेटमेंट की जांच की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने आपराधिक षडयंत्र के तहत मृतक के नाम पर फर्जी ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड और बैंक संबंधी दस्तावेज तैयार कर भूमि पर अपना अधिकार दर्शाया था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर फर्जी ऋण पुस्तिका, फर्जी आधार कार्ड, एक एटीएम कार्ड, तीन चेक, दो रबर सील, लिखावट संबंधी डायरी और 5,200 रुपये नगद बरामद किए हैं। आरोपी ठाकुर राम साहू के लिखावट और हस्ताक्षर के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए क्यूडी शाखा भेजा जाएगा।
पुलिस ने मामले में ग्राम सांगा निवासी ठाकुर राम साहू (37) और ग्राम पोखरा, थाना राजिम निवासी जितेन्द्र साहू (38) को गिरफ्तार किया है। दोनों को 20 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जमीन या अन्य संपत्ति की खरीद-बिक्री से पहले दस्तावेजों और स्वामित्व की विधिवत जांच जरूर कराएं।
