✍️ भागीरथी यादव
भाजपा कार्यालय में हुआ आयोजन
कोरबा। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के तत्वावधान में टी.पी. नगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में भव्य संत समागम एवं कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह रहे। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने की, जबकि प्रदेश मंत्री ऋतु चौरसिया विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने गुरु रविदास जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान समाज के प्रबुद्धजनों का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
पवित्र मन में ही ईश्वर का वास : गोपाल मोदी
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने गुरु रविदास जी के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि संत रविदास जी ने समाज को सिखाया कि मन पवित्र और श्रद्धा से भरा हो तो ईश्वर की प्राप्ति के लिए कहीं दूर जाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का संदेश आज भी समाज को सद्भाव, भक्ति और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
समानता और भाईचारे का दिया संदेश : डॉ. राजीव सिंह
मुख्य अतिथि डॉ. राजीव सिंह ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव के विरुद्ध आवाज उठाते हुए समानता एवं भाईचारे का संदेश दिया। उनके अनुयायी समाज के सभी वर्गों में रहे हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी सामाजिक एकता और समरसता के लिए प्रासंगिक हैं।
समरस समाज की स्थापना का संदेश : भोजराम देवांगन
छत्तीसगढ़ हाथकरघा संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर समानता, प्रेम, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके विचार सामाजिक एकता और समरस समाज के निर्माण के लिए आज भी प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिले के 24 मंडलों के लिए धार्मिक परंपराओं के अनुरूप कलश का वितरण किया गया। इन कलशों को संबंधित मंडलों के मंदिरों में स्थापित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश संयोजक पंचायत प्रकोष्ठ पवन गर्ग, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, संतोषी दीवान, योगेश जैन, रुक्मणी नायर, नवीन अरोड़ा, अजय कंवर, नवीन मार्कंडेय, कमला बरेठ, अर्जुन गुप्ता, डॉ. विजय राठौर, राजेश लहरे, प्रीति स्वर्णकार, संजय राठौर, संजीव शर्मा, प्रदीप सिंह, अविनाश दुबे सहित मंडल अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम सामाजिक समरसता, सद्भाव और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।
