✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल शुक्रवार को दिवंगत पत्रकार एवं प्रेस क्लब कोरबा के सदस्य स्वर्गीय संजय देवांगन के दुरपा रोड स्थित निवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने परिवार को तत्कालिक सहायता के रूप में 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने हाल ही में कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान घोषणा की थी कि प्रेस क्लब के किसी सदस्य के आकस्मिक निधन की स्थिति में उनके परिजनों को संबल प्रदान करने के लिए 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसी घोषणा के तहत उन्होंने स्वर्गीय संजय देवांगन के परिवार से मुलाकात कर सहायता राशि सौंपी।
प्रेस क्लब पदाधिकारी व पत्रकार रहे मौजूद
इस अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी सहित वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे। नई दुनिया के ब्यूरो प्रमुख देवेंद्र गुप्ता, पत्रिका की रीजनल मार्केटिंग हेड डॉली सिंह और पत्रकार दिनेश श्रीवास्तव ने भी शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। सभी ने दिवंगत पत्रकार की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
