
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर, 16 मई। थाना तोरवा पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ विशेष छापेमार अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर कुल 10 वारंट तामील किए, जिनमें 8 गैर-जमानती और 2 जमानती वारंट शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से गैर-जमानती वारंटियों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अड्डाबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार पेट्रोलिंग एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उन आरोपियों की तलाश की जा रही थी जो जमानत पर रिहा होने के बाद लगातार न्यायालय में पेश नहीं हो रहे थे और फरार चल रहे थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में 16 मई को विशेष अभियान चलाकर फरार वारंटियों की पतासाजी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देवरीडीह, देवरीखुर्द, तोरवा बस्ती और दोमुहानी क्षेत्र से आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार वारंटियों में अमर ध्रुव, रोहित ध्रुव, देवेन्द्र सिंह ठाकुर, छोटू उर्फ रितेश रजक, अल्हा रजक, प्रकाश दास, अमर रजक, विशाल ध्रुव और संजय केवंट शामिल हैं। रोहित ध्रुव के खिलाफ दो गिरफ्तारी वारंट लंबित थे।
थाना तोरवा पुलिस की इस कार्रवाई को फरार आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय से जारी वारंटों की तामील और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
