“बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए निरंतर होंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम” — चाचा रामसिंह अग्रवाल

 

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। भारतीय रेडक्रास सोसायटी कोरबा द्वारा आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में जीएनएम कॉलेज के लगभग 50 प्रशिक्षु नर्सों को मानसिक स्वास्थ्य एवं व्यवहारिक परामर्श संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत 16 मई को 26 लोगों तथा 17 मई को 10 लोगों को परामर्श दिया गया।

कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रास सोसायटी कोरबा के सचिव एवं सीएमएचओ डॉ. केशरी, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट श्रीमती विनीता खंडुरी, चेयरमेन चाचा रामसिंह अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष श्री आर.पी. तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भारतीय रेडक्रास सोसायटी के राज्य प्रतिनिधि योगेश जैन ने किया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में चाचा रामसिंह अग्रवाल ने कहा  कि बच्चों और युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द भारतीय रेडक्रास सोसायटी द्वारा सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिससे युवाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी मिल सके।

 

सीएमएचओ डॉ. केशरी ने कहा कि मुंबई से आईं क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट श्रीमती विनीता खंडुरी का 20 वर्षों का अनुभव बच्चों एवं युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक साबित होगा।

इसके पश्चात श्रीमती विनीता खंडुरी ने प्रशिक्षु नर्सों को लगभग 100 मिनट तक मानसिक स्वास्थ्य, व्यवहारिक समस्याओं एवं परामर्श तकनीकों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए, जिससे प्रशिक्षु काफी संतुष्ट एवं उत्साहित नजर आए।