जनपद सदस्य उपचुनाव में युवा कांग्रेस की दमदार एंट्री!

 

बिंझरा में राजेश सिंह बने युवा कांग्रेस के समर्थित प्रत्याशी, नामांकन में दिखा युवाओं का जोश

 

सुशील जायसवाल

 

पोड़ी उपरोड़ा/कोरबा :-

पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बिंझरा में जनपद सदस्य के रिक्त पद हेतु आगामी 1 जून को उपचुनाव होना है। चुनावी सरगर्मियां अब तेज हो चुकी हैं और क्षेत्र का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्मा गया है। 18 मई नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन रहा, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतारकर चुनावी बिगुल फूंक दिया।

 

जहां एक ओर भाजपा एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने अपने अधिकृत उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी की प्रत्यक्ष दूरी के बीच युवा कांग्रेस ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए बिंझरा के वर्तमान उपसरपंच राजेश सिंह को समर्थित प्रत्याशी घोषित कर चुनावी मुकाबले को रोचक बना दिया है।

 

राजेश सिंह लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में पहचान रखते हैं। ग्रामीण मुद्दों को लेकर उनकी सक्रियता और युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ को देखते हुए युवा कांग्रेस ने उन पर भरोसा जताया है। नामांकन दाखिल करने के दौरान बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने यह संकेत दे दिया कि चुनाव में युवाओं की भूमिका इस बार निर्णायक रहने वाली है।

 

नामांकन के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने नारेबाजी करते हुए अपने प्रत्याशी के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन भी किया। क्षेत्र में चर्चा है कि राजेश सिंह को गांव के युवाओं, किसानों और आम नागरिकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

 

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि राजेश सिंह क्षेत्र की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझते हैं और हमेशा लोगों की आवाज उठाने का काम करते रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि इस बार जनता विकास, सक्रियता और जनसंपर्क को प्राथमिकता देते हुए मतदान करेगी।

 

युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष अंकित सिंह पाल ने कहा कि संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतर चुका है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस की पूरी टीम गांव-गांव पहुंचकर चुनाव प्रचार करेगी और क्षेत्र की जनता से समर्थन मांगेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता का आशीर्वाद राजेश सिंह को अवश्य मिलेगा।

 

अब बिंझरा जनपद सदस्य उपचुनाव में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। सभी दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है और आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार और तेज होने की संभावना है। ग्रामीण क्षेत्र में यह चुनाव अब प्रतिष्ठा की लड़ाई बनता दिखाई दे रहा है।