
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल टकराने की मामूली बात ने हिंसक रूप ले लिया। दशगात्र कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद में आरोपियों ने लाठी-डंडे, बेल्ट, ईंट और पेचकस से हमला कर दिया। घटना में कई लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक को गंभीर चोट आने पर सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों और 2 नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 मई 2026 को ग्राम पचपेड़ी में दशगात्र कार्यक्रम के दौरान प्रभाकर मार्शल अपने साथियों निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल के साथ मोटरसाइकिल से महिलाओं को कार्यक्रम में शामिल होने की सूचना दे रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास सामने से तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए पहुंचे बादल जांगड़े ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक गिर पड़े।
टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया और आरोप है कि बादल जांगड़े ने गाली-गलौच करते हुए बेल्ट से हमला शुरू कर दिया। देखते ही देखते विक्की जांगड़े, विकास मार्शल समेत अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडे, लोहे की वस्तु, ईंट तथा नुकीले सामान से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे निमेश राय को भी गंभीर चोटें आईं। उसके सिर, कान और चेहरे पर गंभीर चोट लगने के बाद उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले में थाना पचपेड़ी पुलिस ने अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत धारा 109, 294, 115(2), 351(3), 190, 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ईंट का टुकड़ा, बेल्ट, पेचकस और डंडा जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपियों में बादल जांगड़े (19), सरोज जांगड़े (44), विक्की जांगड़े (21), तुलसी जांगड़े (57), ललित जांगड़े (38), शैलेन्द्र जांगड़े (35) और इतवारी जांगड़े (45) शामिल हैं। इसके अलावा दो नाबालिगों को भी विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है। सभी आरोपी ग्राम पचपेड़ी के निवासी हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
